विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर युवकों से 25 लाख रुपये ठगे, पासपोर्ट भी ले उड़े
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के पार्क रोड स्थित एक टूर एंड ट्रैवेल्स कंपनी ने युवकों को विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 25 लाख रुपये ठग लिए। कंपनी के कर्मचारियों ने युवकों का पासपोर्ट भी हड़प लिया। इसके बाद ऑफिस बंद कर फरार हो गए। सोमवार दोपहर करीब दो बजे ठगी के शिकार करीब 25 युवकों ने हजरतगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पार्क रोड के स्क्वायर हाई चैंबर में रुजेन इंटरनेशनल नाम से चल रही टूर एंड ट्रैवेल्स कंपनी ने विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवकों को अपने जाल में फंसा लिया। महाराजगंज के घुघली निवासी शेषनाथ पाल ने बताया कि वह काफी दिनों से बेरोजगार हैं। दोस्तों ने पासपोर्ट बनवाकर विदेश जाने की सलाह दी। एक दोस्त ने रुजेन इंटरनेशनल कंपनी का पता बताया।
पासपोर्ट बनवाने के बाद वह लखनऊ के पार्क रोड स्थित कंपनी के कार्यालय पहुंचा। शेषनाथ के मुताबिक, यह कंपनी विशाल कुमावत और अंकित कुमार चलाते हैं। दोनों ने उसे जॉर्जिया में अच्छे वेतन पर नौकरी दिलाने का दावा किया। इसके बदले पासपोर्ट जमा करने को कहा। दोनों ने विदेश भेजने के लिए 10 मार्च की तारीख तय की थी। जब वह कार्यालय पहुंचा तो ताला बंद मिला। बाहर कई अन्य युवक भी कंपनी के कर्मचारियों की तलाश करते मिले।
दो दिन पहले जमा कराए एक-एक लाख
ठगी के शिकार युवकों ने बताया कि होली से पहले ही कंपनी के कर्मचारी मोबाइल पर संपर्क कर रहे थे। कर्मचारियों ने विदेश भेजने की तारीख बताने के साथ ही एक-एक लाख रुपये की मांग की। यह रकम आठ मार्च तक खाते में जमा करने के लिए कहा। कर्मचारियों ने धमकी दी कि अगर रकम तय समय पर खाते में नहीं जमा होगी तो विदेश जाने का मौका हाथ से चला जाएगा। रोजगार की तलाश कर रहे युवकों ने कर्मचारियों के धमकी से डर गए और आठ मार्च को एक-एक लाख रुपये जमा करा दिए। कर्मचारियों ने सभी को दस मार्च को ऑफिस पहुंचकर नियुक्ति पत्र और पासपोर्ट, वीजा हासिल करने को कहा।
पासपोर्ट हड़पा, बंद किया मोबाइल
पीड़ितों का आरोप है कि वे 10 मार्च को कार्यालय पहुंचे तो वह बंद मिला। इसके बाद विशाल और अंकित के अलावा ऑफिस के अन्य कर्मचारियों के मोबाइल नंबर मिलाने शुरू किए। सभी ने मोबाइल बंद कर लिया था। पीड़ितों का कहना है कि आरोपियों के पास उनका पासपोर्ट जमा है। इंस्पेक्टर हजरतगंज आनंद कुमार शाही ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ जालसाजी का केस दर्ज कर लिया गया है। पीड़ितों ने जो नंबर दिए है उनको सर्विलांस पर लगा दिया गया है।
इनके साथ हुई ठगी
हजरतगंज थाने में पहुंचे ठगी के शिकार युवकों में मो. शफीक आलम, मो. मुस्तफा, रामकुमार प्रजापति, शिव प्रसाद, शेषनाथ पाल, लालधर पाल, अमन कुमार पाल, बृज लाल शर्मा, हरदेव कुशवाहा, उमेश चंद्र, सचिन पाल, अजय कुमार शर्मा, विजेन्द्र गुप्ता, राम अशीष, संतोष कुमार प्रसाद, मिथलेश कुमार मल्ल, अमित यादव, कमलेश कुशवाहा, हृदयेश, मारकंडेय सिंह, पिंटू सिंह, मनोज कुमार शामिल हैं।