'अखिलेश यादव' के साथ मिलकर बेटे ने पिता को लगाया चूना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छोटा बघाड़ा में रहने वाले इलाहाबाद विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग के लिपिक बृजकिशोर तिवारी के बेटे 11वीं के छात्र अंजनी तिवारी उर्फ सूरज ने रुपये कमाने के लिए अपने ही पिता को चूना लगाने का प्लान बना लिया।
उसने किराएदार अखिलेश यादव के दोस्त सुरेश कुमार यादव के साथ मिलकर अपने ही अपहरण का ड्रामा रच लिया। वह 11 अप्रैल को लापता हो गया और पिता को दो लाख की फिरौती के लिए फोन करवाया। पुलिस अपहरण के मामले को पहले दिन से ही संदिग्ध मान रही थी।
क्राइम ब्रांच इन्वेस्टिगेशन विंग के प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बृजकिशोर के माध्यम से रुपये देने के लिए मंगलवार दोपहर अपहरणकर्ता को झूंसी स्टेशन पर बुलाया गया और दबोच लिया गया। पुलिस के हत्थे चढ़ने के बाद सुरेश ने अंजनी को भी बरामद करा दिया।
इस तरह रची गई अपरहण की कहानी
अंजनी ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर रसूलाबाद में 11वीं में पढ़ता है। उसे रुपये की जरूरत थी, इसलिए उसने अपने ही अपहरण का ड्रामा किया। उसने किराएदार अखिलेश यादव के दोस्त सुरेश से संपर्क साधा। तय हुआ कि दो लाख रुपये की फिरौती मांगी जाएगी।
सुरेश को 50 हजार रुपये मिलेंगे। सुरेश इसके लिए राजी हो गया। सुरेश सराय ममरेज के सोरो गांव का रहने वाला है और कानपुर विवि में बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र है। अंजनी 11 की शाम पांच बजे लापता हुआ। वह घर से निकला और लौटकर नहीं आया।
कुछ देर बाद बृजकिशोर के पास एक नंबर से फोन आया कि उनका बेटा उसके कब्जे में है। बेटे को जिंदा चाहते हों तो दो लाख का इंतजाम कर लें। बृजकिशोर भागकर कर्नलगंज थाने पहुंचे। दो लाख रुपये की फिरौती की बात सुनते ही पुलिस का माथा ठनका।
अखिलेश यादव से पूछताछ कर रही है पुलिस
अंजनी भागा तो सुरेश के साथ लेकिन उसके पास किराएदार अखिलेश का मोबाइल मिला। अखिलेश के मोबाइल से ही बृजकिशोर को धमकी दी जा रही थी। अखिलेश की भूमिका का इस प्रकरण में पुलिस अभी पता नहीं लगा सकी है।
यह भी माना जा रहा है कि अखिलेश को घर पर इसलिए छोड़ा गया था ताकि किसी को शक न हो। पुलिस अखिलेश से पूछताछ कर रही है। अंजनी इलाहाबाद से सुरेश के साथ निकला और ट्रेन से घूमता रहा। बिना टिकट लिए ही वह मैहर, कटनी तथा मध्य प्रदेश के अन्य जिलों के चक्कर लगाने लगा।
बात करने के बाद फोन ऑफ कर दिया जाता था। क्राइम ब्रांच लोकेशन के आधार पर ही खोजबीन में जुटी थी। बृजकिशोर ने इस बीच अफसरों से शिकायत की तो पुलिस ने सोमवार रात एफआईआर दर्ज कर ली।