जंगल में युवती को बंधक बना गैंगरेप, हत्या की कोशिश, पांच गिरफ्तार
लखनऊ के चिनहट में बृहस्पतिवार रात टेरा खास रेलवे क्रॉसिंग के पास जंगल में 20 वर्षीय युवती से पांच हैवानों ने दरिंदगी की। विरोध पर उसे बेरहमी से पीटा। उसे जान से मारने की कोशिश की। पीड़िता किसी तरह दरिंदों के चंगुल से छूटकर भागी। इसी बीच हूटर बजाती हुई यूपी 100 सेवा की वैन उधर से गुजरी।
पुलिसकर्मियों ने युवती की आपबीती सुनने के बाद फौरन घेराबंदी कर उत्तरधौना निवासी 50 वर्षीय टहलू, बिहार के छपरा सोनपुर के दिनेश महतो, चिनहट के टेरा खास निवासी अंशू जमाल, सतीश और हरीश यादव को धर दबोचा।
एसएसपी दीपक कुमार के मुताबिक चिनहट निवासी युवती बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े आठ बजे किसी काम से घर से निकली थी तभी पूर्व परिचित टहलू मिल गया। वह युवती को एक मामले में उसके भाई की मदद का का झांसा देकर बाइक पर बैठाया और टेरा खास रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित जंगल में लेकर पहुंच गया।
जंगल में टहलू ने युवती से जबरदस्ती की। युवती को अंधेरे और जंगल में अधेड़ के साथ जाते देख मंदिर के आसपास नशेबाजी कर रहे दिनेश महतो, अंशू जमाल, सतीश और हरीश पीछे से आ गए। उन्होंने युवती को दबोचकर टहलू को मार पीटकर भगा दिया।
...और गला दबाकर मारने की कोशिश की
युवती ने बदमाशों की पुलिस से शिकायत करने की धमकी दी तो वे सतर्क हो गए। सुबूत मिटाने की नीयत से उन्होंने गला दबाकर युवती की हत्या करने की कोशिश की। युवती बदमाशों से भिड़ गई और उनकी पकड़ छूटते ही जान बचाकर भागी।
बदमाशों ने भगाया तो पुलिस को दी बाइक छीनने की सूचना
चिनहट थाना प्रभारी अक्षय कुमार ने बताया कि बदमाशों ने टहलू की बाइक छीन ली और उसे मारपीटकर भगा दिया। वह टेरा खास रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचा और पुलिस को बाइक छीनने की सूचना दी।
हालांकि, काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची तो वह बदमाशों के डर से पैदल ही चला गया। पुलिस को मौके से टहलू की बाइक मिल गई है।