फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   First day of Uttar Pradesh Budget session:

UP Budget session: राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान सपाइयों का जबरदस्त हंगामा, कार्यवाही स्थगित

Thu, 18 Feb 2021 11:45 PM IST
ishwar ashish न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ Published by: ishwar ashish Updated Thu, 18 Feb 2021 11:45 PM IST
विज्ञापन
First day of Uttar Pradesh Budget session:
राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान हंगामा करते सपाई। - फोटो : amar ujala

यूपी में बजट सत्र आज से शुरू हो गया है। सत्र के पहले दिन आज राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने दोनों सदनों को संयुक्त रूप से संबोधित किया। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं, महंगाई और पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों को लेकर जबरदस्त हंगामा किया और नारेबाजी की। राज्यपाल अभिभाषण पढ़ती रहीं और सपाई हंगामा करते रहे। अभिभाषण के बाद विधानसभा की कार्यवाही शुक्रवार 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

विज्ञापन


राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में राम मंदिर का जिक्र किया तो सदन में मौजूद भाजपाइयों ने मेजें थपथपाकर इसका स्वागत किया। उन्होंने राम मंदिर शिलान्यास के लिए न्यायपालिका और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साधु-संतों की उपस्थिति में अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर का शिलान्यास किया। मैं प्रधानमंत्री और देश की न्यायपालिका की आभारी हूं। मुझे खुशी हो रही है कि इस साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर अयोध्या की झांकी को पहला स्थान दिया गया। अयोध्या में तीन दिवसीय और वाराणसी में देव दिपावली के अवसर पर भव्य दीपोत्वस का आयोजन भी सफलता पूर्वक किया गया।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री योगी ने राज्यपाल के अभिभाषण को 'आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश' की संकल्पना को दृष्टि व दिशा प्रदान करने वाला बताया। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि राज्यपाल का आज विधान सभा में अभिभाषण 'आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश' की संकल्पना को दृष्टि व दिशा प्रदान करने वाला है। हम राज्यपाल जी की अपेक्षाओं को पूर्ण करने हेतु प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने मार्गदर्शन करने के लिए राज्यपाल का आभार भी जताया।
विज्ञापन
विज्ञापन

 

इसके पहले गुरुवार सुबह विधानभवन के बाहर ही सपा व कांग्रेस के नेताओं ने महंगाई, किसानों व पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों को लेकर प्रदर्शन किया। सपा नेताओं ने विधानसभा में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के पास बैठकर महंगाई और किसानों की समस्याओं को लेकर यूपी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

सपा कार्यकर्ता सदन के पहले दिन ट्रैक्टर से विधान भवन पहुंचे। वो ट्रैक्टर परिसर के अंदर ले जाना चाहते थे लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। जिसके बाद सपा कार्यकर्ता चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के पास जाकर बैठ गए। इस दौरान लगातार नारेबाजी होती रही। वहीं, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के सदन पहुंचने पर उन्हें गार्ड आफ ऑनर दिया गया। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित मौजूद थे।

युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार से जोड़ना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : राज्यपाल

First day of Uttar Pradesh Budget session:
अभिभाषण के बाद राज्यपाल को उनकी गाड़ी तक छोड़ने आए मुख्यमंत्री योगी - फोटो : अमर उजाला
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बृहस्पतिवार को विधानमंडल के दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन में विपक्ष के हंगामे व नारेबाजी के बीच अपना अभिभाषण पढ़ा। शुरुआती नारेबाजी के बाद विपक्षी दलों, सपा, बसपा व कांग्रेस ने राज्यपाल के अभिभाषण का बहिष्कार किया। आनंदीबेन ने कहा कि युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार ने अपने कार्यकाल में 1.25 करोड़ युवाओं को रोजगार या स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा है।

राज्यपाल विधानसभा मंडप में लगभग लगभग 5 मिनट विलंब से आईं। राष्ट्रगान के बाद जैसे ही वह अभिभाषण पढ़ने के लिए खड़ी हुईं, सपा सदस्यों ने नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने महंगाई, कानून व्यवस्था, किसान आंदोलन की तरफ सरकार का ध्यान खींचा। वे सरकार विरोधी नारे लिखी तख्तियां लेकर आए थे। पगड़ी लगाकर आए संजय, लाठर हां मैं आंदोलनजीवी हूं, तो संतोष यादव सनी, मैं चंदाजीवी नहीं हूं, लिखा प्ले कार्ड लिए हुए थे। इसके अलावा प्ले कार्डस पर भाजपा खा गई रोजगार, युवा हो गए बेरोजगार, जब से भाजपा आई है कमरतोड़ महंगाई है, किसानों की फसलों पर नहीं पड़ रहा रेट, खेती में भी आ गया पूंजीवादी कारपोरेट, बेटियों पर उत्पीड़न में यूपी नंबर वन जैसे नारे लिखे हुए थे। वेल में कुछ देर नारेबाजी के बाद सपा सदस्य सदन से बहिर्गमन कर गए। इसके बाद बसपा व कांग्रेस सदस्यों ने भी राज्यपाल के भाषण का बहिष्कार किया।  

करीब 42 मिनट के अभिभाषण में राज्यपाल ने सरकार की चार साल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मागदर्शन में उनकी सरकार ने कोरोना संकट काल में दृढ़ इच्छा शक्ति, परिपक्वता, कौशल, संवेदनशीलता एवं सामूहिक भावना के साथ काम किया। कोरोना संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण करने में सफलता प्राप्त की। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी इसकी प्रशंसा की है। प्रदेश सरकार ने लगभग 40 लाख प्रवासी कामगारों को उनके गृह जिलों तक भिजवाया। उन्हें चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कर्राइं और राशन किट के साथ आर्थिक सहायता भी दी।

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का शुभारंभ
आनंदीबेन ने कहा कि कोरोना काल में पीएम मोदी ने संतों की मौजूदगी में अयोध्या में श्रीराम जन्म भूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का शुभारंभ किया। इसके लिए उन्होंने पीएम व न्यायपालिका का आभार जताया। कहा कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस पर अयोध्या: उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर झांकी को देश में पहला स्थान मिला है। अयोध्या में तीन दिवसीय तथा वाराणसी में देव दीपावली के अवसर पर भव्य दीपोत्सवों का आयोजन किया गया।

ईज ऑफ डूइंग बिजनेस रैकिंग में देश में दूसरा स्थान
राज्यपाल ने कहा कि निवेश आकर्षित करने की प्रतिबद्धता, कानून व्यवस्था में सुधार और अन्य सुविधाएं देने के कारण ईज ऑफ डूइंग बिजनेस रैकिंग में यूपी अब देश में दूसरे स्थान पर आ गया है। यूपी इन्वेटर्स समिट में मिले 4.68 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों में 3 लाख करोड़ की निवेश परियोजनाएं सक्रिय रूप से संचालित हो गई हैं। 340 किमी लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर वायु सेना के विमानों की आपात लैंडिंग व टेक ऑफ के लिए सुल्तानपुर में 3.2 किमी हवाई पट्टी का निर्माण किया जा रहा है। गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही चल रही है। कुशीनगर हवाई अड्डा अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के लिए तैयार है।

आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स में रोजगार सृजन की अपार संभावना
आनंदीबेन पटेल ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रानिक्स उद्योगों में निवेश व रोजगार सृजन की अपार संभावना है। 2017 में नई नीति में प्रदेश में 2022 तक 20 हजार करोड़ के निवेश तथा तीन लाख लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया था। इसे तीन साल में ही हासिल कर लिया गया है। ई-टेंडरिंग में भी यूपी, देश में नंबर वन है। प्रदेश निर्यात हब के रूप में विकसित हुआ है।

सौर ऊर्जा से 1019 मेगावाट विद्युत उत्पादन
राज्यपाल ने कहा कि बिजली आपूर्ति में अभूतपूर्व सुधार लाते हुए जिला मुख्यालयों पर 24 घंटे, तहसील मुख्यालयों पर 21 घंटे 30 मिनट और गांवों में 18 घंटे आपूर्ति आपूर्ति की जा रही है। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सौर ऊर्जा नीति-2017 लागू की गई है। सौर ऊर्जा से 1,019 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जा रहा है। इसके अलावा 1470 मेगावाट सौर ऊर्जा के ओपेन एक्सेस के प्रस्ताव स्वीकृत किए जा चुके हैं।

1 हजार की संपत्तियां जब्त, 1019 माफिया गिरफ्तार
राज्यपाल ने कहा कि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ कर जनमानस में सुरक्षा की भावना पैदा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कुख्यात माफिया को चिह्नित कर उनके व उनके गैंग के लाइसेंस निरस्त किए जा रहे हैं। अब तक एक हजार करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियों का जब्तीकरण, ध्वस्तीकरण या अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया है। 1019 माफिया को गिरफ्तार किया गया है। महिलाओं के प्रति अपराधों मे भी कमी आई है। वर्ष 2016 के मुकाबले 2020 में हत्या की घटनाओं में 25.88 फीसदी की कमी हुई है। पुलिस में 1.37 लाख से अधिक पदों पर भर्ती की गई है।

मंडी परिसर के बाहर व्यापार लाइसेंस व शुल्क मुक्त
आनंदीबेन ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 240 लाख किसानों को 27,134 करोड़ धनराशि डीबीटी के माध्यम से किसानों के खातों में भेजी गई है। प्रदेश में मंडी परिसर के बाहर व्यापार को पूरी तरह से लाइसेंस व मंडी शुल्क से मुक्त कर दिया गया है। किसान अपना सामान कहीं भी और किसी भी व्यापारी को बेच सकते हैं। कोरोना काल में 45 कृषि जिंसों को गैर अधिसूचित कर मंडी शुल्क समाप्त कर दिया गया। अब तक 65.5 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। अब तक 1.23 लाख करोड़ रुपये गन्ना मूल्य भुगतान कराया गया है। 118 गो संरक्षण केंद्रों का निर्माण पूरा हो चुका है। कुल 5206 आश्रय स्थलों में 5.58 लाख गोवंशीय पशु संरक्षित किए गए हैं।

10 शहरों में 20 हजार करोड़ की परियोजनाएं
राज्यपाल ने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत प्रदेश के 10 चयनित शहरों में 20 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। राज्य स्मार्ट सिटी मिशन के तहत 7 शहरों को विकसित किया जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में 2.27 करोड़ व्यक्तिगत एवं 45 हजार सामुदायिक शौचालयों का निर्माण किया गया है। नगरीय क्षेत्रों में महिलाओं के लिए पिंक शौचालय का खासतौर पर निर्माण कराया गया है।

7 परिपथों का होगा पर्यटन विकास
आनंदी बेन पटेल ने कहा कि प्रदेश में रामायण परिपथ, बृज परिपथ, महाभारत परिपथ, शक्तिपीठ परिपथ, आध्यात्मिक परिपथ, जैन परिपथ और बौद्ध परिपथ को चिह्नित किया गया है। इन परिपथों में आने वाले पर्यटक स्थलों के उच्चीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सभी गांवों के भू-मानचित्रों का डिजिटलाइजेशन कराया जा रहा है।

विधान परिषद में दिवंगत सदस्यों को दी गई श्रद्धांजलि

First day of Uttar Pradesh Budget session:
प्रदर्शन करते सपा विधायक और एमएलसी - फोटो : अमर उजाला
विधान मंडल के संयुक्त अधिवेशन के बाद विधान परिषद की कार्रवाई सुचारु रूप से चली। सदन में दिवंगत हुए सदस्यों और पूर्व राष्ट्रपति को श्रद्धांजलि दी गई। सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने सदन को 10 मार्च तक चलने वाले एजेंडे के बारे में बताया। पिछले सदन में जो विधेयक पास कर राज्यपाल के यहां भेजे गए थे, उनकी मंजूरी के बारे में प्रमुख सचिव ने सदन को बताया। पूर्व में पास किए गए अध्यादेश की सूचना भी सदन को दी गई।

सदन में सबसे पहले 1970 से 2020 तक सदन के सदस्य रहे शिक्षक दल के नेता ओम प्रकाश शर्मा के निधन पर शोक प्रस्ताव पेश किया गया। इस पर नेता सदन डॉ. दिनेश शर्मा, नेता विरोधी दल अहमद हसन समेत बसपा, कांग्रेस व अन्य नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। फिर सपा के राम सिंह यादव, पूर्व सदस्य अशोक दुबे और पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को याद कर दो मिनट का मौन रखा गया।

भावुक हो गए लाठर
सदन में साथी की कोरोना से हुई मौत पर सपा के सदस्य संजय लाठर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि जब कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे थे उस समय सदन बुलाया गया। इस दौरान कई सदस्य संक्रमित हो गए। संक्रमण के कारण ही एसआरएस यादव का निधन हो गया। उन्होंने उन्हें शहीद बताया।

ट्रैक्टर से आए सपा सदस्य, गन्ना, तेल की टंकी लेकर किया प्रदर्शन

First day of Uttar Pradesh Budget session:
मंहगाई के विरोध में विधानसभा के गेट पर प्रदर्शन करते सपा के विधायक और एमएलसी - फोटो : अमर उजाला
किसानों पर अत्याचार, गन्ना मूल्य नहीं बढ़ाने, धान खरीद न होने, बेरोजगारी और महंगाई की तरफ सरकार का ध्यान आकृष्ट करने के लिए समाजवादी पार्टी के विधानसभा और विधान परिषद सदस्य बृहस्पतिवार को ट्रैक्टरों व साइकिलों से विधानभवन पहुंचे।  विधान भवन के गेट नंबर-1 पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। वे गन्ना लेकर विधान भवन जाना चाहते थे। पुलिस ने इसकी इजाजत नहीं दी। उनकी पुलिस से नोंकझोंक हुई। एमएलसी आनंद भदौरिया, उदयवीर सिंह समेत कई सदस्यों ने  विधान भवन की दीवार पर चढकर नारेबाजी की। इसके बाद वे सभी विधान भवन परिसर स्थित चौधरी चरण सिंह की मूर्ति के समक्ष धरना दिया। वे अपनी मांगों से संबंधित प्ले कार्ड लिए हुए थे। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। राजेश यादव राजू गले में डीजल टैंक डाले हुए थे।

लोकतांत्रिक अधिकारों की हत्या की: अखिलेश
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्तापक्ष के इशारे पर विधायकों के साथ दुर्व्यवहार और ट्रैक्टर चालकों की पिटाई करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विधायकों के साथ बदसलूकी लोकतांत्रिक अधिकारों की हत्या की गई है। यह सपा विधायकों के प्रति भाजपा की विद्वेषपूर्ण नीति-रीति की भी परिचायक है। पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर लिए। उन्होंने कहा, सत्ता के हर अन्याय व अत्याचार का उत्तर जनता अवश्य मांगेगी। विधायकों को अपमानित करने की यह निंदनीय परंपरा भाजपा सरकार ने डाली है, जिसका उसे भी भुगतान करना होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed