सौभाग्य योजना के काम में गड़बड़ी और गलत बिल भेजना पड़ेगा भारी, मंत्री ने दिए एफआईआर के निर्देश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सौभाग्य योजना द्वितीय चरण (सौभाग्य-2) में कामों की खराब गुणवत्ता व उपभोक्ताओं को गलत बिल भेजना एजेंसियों को भारी पड़ेगा। सरकार ने ऐसी एजेंसियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर लापरवाह लोगों को जेल भेजने को कहा है।
पावर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष को ऐसे मामलों में अपने स्तर से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। होली पर प्रदेश में कटौतीमुक्त बिजली आपूर्ति करने को कहा गया है। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने बुधवार को शक्ति भवन में ऊर्जा विभाग की समीक्षा करते हुए सौभाग्य-2 के कार्यों की प्रगति में लापरवाही पर नाराजगी जताई।
उन्होंने समय पर गुणवत्तापूर्ण कार्य न करने वाली एजेंसियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। साथ ही गलत बिल बनाने वाली एजेंसियों पर एफआईआर कराकर लापरवाहों को जेल भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन जिलों में सौभाग्य योजना के तहत नए कनेक्शन के लिए आवेदन आए हैं, वहां 31 मार्च तक हर हाल में कनेक्शन दे दिए जाएं। उन्होंने 31 मार्च तक सभी जिलों में सौभाग्य-2 के तहत कराए जाने वाले काम पूरा कराने की हिदायत दी।
झटपट पोर्टल पर लंबित आवेदनों का करें निस्तारण
ऊर्जा मंत्री ने प्रमुख सचिव ऊर्जा को निर्देश दिया कि झटपट कनेक्शन पोर्टल पर लंबित आवेदनों का तय समय में निस्तारण कराएं। सिटीजन चार्टर के तहत पोर्टल पर आवेदन के बाद एक सप्ताह के भीतर कनेक्शन की प्रक्रिया अवश्य पूरी कर ली जाए।
पोर्टल पर जिस कारण से उपभोक्ताओं के आवेदन निरस्त हुए हैं, उस पर 1912 के माध्यम से फीडबैक लेकर कमियों को दूर कराया जाए। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि जहां भी उपभोक्ता सेवाओं में लापरवाही मिलेगी वहां एमडी की जवाबदेही सुनिश्चित होगी।
सर्वाधिक लाइन हानियों के लिए एमडी होंगे जिम्मेदार
ऊर्जा मंत्री ने ज्यादा लाइन हानियों वाले फीडरों की पहचान कर उनकी निगरानी के लिए फीडर पालक नियुक्त करने को कहा है। उन्होंने कहा कि 31 मार्च तक अत्याधिक हानि वाले फीडरों को आदर्श फीडर बनाकर लाइन हानियां 15% से नीचे लाई जाए। सबसे ज्यादा लाइन हानि वाले फीडर की जिम्मेदारी बिजली कंपनी के एमडी की होगी। बिजली कंपनियों के निदेशकों व अन्य वरिष्ठ अभियंताओं को भी फीडर पालक बनाया गया है।
संविदाकर्मियों को समय से दिलाएं वेतन
उन्होंने स्मार्ट मीटरिंग के काम में भी तेजी लाने को कहा। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि वितरण खंड स्तर पर ग्राम प्रधानों के साथ बैठक कर किसान आसान किस्त योजना की जानकारी दी जाए। अधिकारी हर पात्र के दरवाजे तक योजना की जानकारी जरूर पहुंचाएं।
ऊर्जा मंत्री भी नहीं खेलेंगे होली
कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा भी इस बार होली नहीं खेलेंगे। श्रीकांत शर्मा ने कहा कि ब्रजवासियों के लिए होली एक महत्वपूर्ण त्योहार है, लेकिन कोरोना वायरस के कारण उन्होंने ब्रज के होली उत्सव के कार्यक्रमों में शामिल नहीं होने का निर्णय किया है।