सामान खोए तो घर बैठे एप से कराएं एफआईआर
महिला सुरक्षा के लिए 1090 एप के बाद यूपी पुलिस ने अब यूपीपी लॉस्ट आर्टिकल रिपोर्ट एप लॉन्च किया है।
इस एप को डाउनलोड करने के बाद मोबाइल फोन, मार्क्सशीट, पासपोर्ट, लाइसेंस आदि जरूरी कागजात खोने पर आपको थाने जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
अब आप घर बैठे ही मोबाइल फोन से इस एप के जरिए एफआईआर करा सकते हैं। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को अपने आवास पर यूपी पुलिस की इस नई जनकेंद्रित ‘खोई वस्तु रिपोर्ट सेवा’ का शुभारंभ किया।
अपर पुलिस महानिदेशक तकनीकी सेवाएं आरके विश्वकर्मा ने बताया कि सूबे में हर साल करीब 10 लाख लोग ऐसी एफआईआर कराते हैं।
अपर पुलिस महानिदेशक के अनुसार, इस एप से ऐसे लोगों को एफआईआर दर्ज कराने के लिए थाने का चक्कर लगाने के झंझट से मुक्ति मिल जाएगी।
एफआईआर की रसीद मिलेगी ई-मेल पर
एप से रिपोर्ट कराते ही डिजिटल हस्ताक्षर वाली रसीद ई-मेल से भेज दी जाएगी। इस रसीद की प्रिंट का कहीं भी वैधानिक इस्तेमाल किया जा सकेगा। रिपोर्ट दर्ज होने की सूचना मोबाइल पर एसएमएस से भी दी जाएगी।
ये सुविधाएं भी
- स्कूल, अस्पताल, बैंक के लिए ‘तत्पर’ इमरजेंसी सेवा।
- राजधानी बनेगा पहला सीसीटीवी शहर, स्मार्ट सिटी सर्विलांस योजना की शुरुआत।
- थाने के मुंशी पर साहब की रहेगी नजर, ट्रैफिक रूल तोड़ने वाले के घर पहुंचेगा चालान।
- सोशल मीडिया के हर शब्द पर नजर रखने के लिए 12 करोड़ से बनेगा लैब।