यूपी की महिला प्रत्याशी हैं हथियारों की शौकीन, देखें किसके पास कौन सा असलहा
यूपी की सियासत में महिलाओं का न सिर्फ दखल बढ़ रहा है बल्कि उनके शौक भी पुरुषों से कम नहीं हैं। आम तौर पर पुरुष असलहे रखने को अपनी शान समझते हैं, लेकिन यहां बड़ी संख्या में ऐसी महिलाएं भी हैं, जिनका शौक असलहे रखना है।
विधानसभा चुनाव के पंाचवें, छठे और सातवें चरण की महिला प्रत्याशियों की बात करें, तो कई के पास .32 बोर की आधुनिक पिस्टल और रिवॉल्वर है। कुछ के पास सिंगल बैरल बंदूक है तो कुछ के पास डबल बैरल।
असलहे रखने वाली महिला प्रत्याशियों में भाजपा प्रत्याशी सबसे आगे हैं। इनमें अमेठी से भाजपा प्रत्याशी गरिमा सिंह के पास डीबीबीएल गन है तो जौनपुर की मुंगराबादशाहपुर से चुनाव लड़ रहीं सीमा रिवॉल्वर और गाजीपुर के मोहम्मदाबाद से लड़ रहीं कृष्णानंद राय की पत्नी अल्का राय राइफल की शौकीन हैं।
अमेठी की रानियां भी असलहों की शौकीन
बसपा के टिकट पर आजमगढ़ के लालगंज से किस्मत आजमा रहीं विद्या चौधरी के पास राइफल, रिवॉल्वर और एसएलएलबी है तो डुमरियागंज से बसपा प्रत्याशी सैयदा खातून को रिवॉल्वर रखने का शौक है। बांसगांव से सपा के टिकट पर लड़ रहीं शारदा देवी दो-दो राइफल रखती हैं।
अमेठी के चुनावी रण में दो रानियां आमने-सामने हैं। संजय सिंह की पत्नी अमीता सिंह कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं, जबकि पहली पत्नी भाजपा के टिकट पर।
अमीता सिंह के पास राइफल, पिस्टल और दोनाली बंदूक है। वहीं गरिमा सिंह के पास एक दोनाली बंदूक है। डुमरियागंज में बसपा की प्रत्याशी सैयदा खातून की पसंद रिवॉल्वर है।
कई प्रत्याशियों की पत्नियों के नाम हैं असलहे
गोरखपुर की बांसगांव सुरक्षित सीट से सपा प्रत्याशी शारदा देवी के हलफनामे के मुताबिक इनके पास दो राइफल हैं। देवरिया से रालोद के टिकट पर लड़ रहीं डॉ. कृष्णा जायसवाल के पास राइफल, पिस्टल और दोनाली बंदूक है।
पूर्वांचल के एक-एक जिले में कई प्रत्याशी ऐसे हैं जिनकी पत्नियों के नाम महंगे असलहे हैं। बात सिर्फ बाहुबलियों की करें तो ज्यादातर ने अपनी पत्नी के नाम असलहे ले रखे हैं।
चंदौली की सैयदराजा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे सुशील सिंह की पत्नी किरण सिंह के नाम एक राइफल और एक सिंगल बैरल बंदूक है। वहीं भदोही के ज्ञानपुर से निषाद पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहीं बाहुबली विजय मिश्रा की पत्नी और एमएलसी रामलली मिश्रा के नाम एक राइफल, एक रिवॉल्वर और एक दोनाली बंदूक है। मऊ से चुनाव लड़ रहे माफिया मुख्तार अंसारी की पत्नी अफ्शां अंसारी के नाम एक रिवॉल्वर है।
किसके पास कौन-सा असलहा
गरिमा सिंह भाजपा अमेठी- डीबीबीएल गन
सीमा भाजपा मुंगराबादशाहपुर-रिवॉल्वर
अनीता भाजपा शाहगंज-पिस्टल
अल्का राय भाजपा मुहम्मदाबाद -राइफल
शुचिस्मिता मौर्य भाजपा मझवां (मिर्जापुर)-पिस्टल
अमीता सिंह कांग्रेस अमेठी-राइफल, पिस्टल, डीबीबीएल गन
विद्या चौधरी बसपा लालगंज (आजमगढ़)- राइफल, रिवॉल्वर और एसएलएलबी
सैयदा खातून बसपा डुमरियागंज- रिवॉल्वर
शारदा देवी सपा बांसगांव -दो राइफल
डॉ. कृष्णा जायसवाल रालोद देवरिया -राइफल, पिस्टल, दोनाली बंदूक