किसानों ने एलडीए में करीब दो हजार लोगों को बनाया बंधक
लाठी-डंडों से लैस हजारों किसानों ने अपनी मांगें मनवाने के लिए मंगलवार को एलडीए में करीब दो हजार लोगों को साढ़े छह घंटे तक बंधक बनाए रखा। जिले भर से आए महिला व पुरुष किसानों ने गोमतीनगर के विपिनखंड स्थित एलडीए मुख्यालय के दोनों गेटों पर ताला जड़ दिया।
दोपहर एक बजे से लेकर शाम 7:30 बजे तक गेट बंद रहे। इसके चलते दफ्तर में मौजूद लोग बाहर नहीं आ सके। कुछ लोगों ने दीवार फांदकर बाहर आने की कोशिश की तो प्रदर्शनकारियों ने उन्हें आड़े हाथों लिया। इस दौरान प्राधिकरण की सुरक्षा के लिए तैनात पुलिस और पीएसी मूकदर्शक बने रहे।
किसानों के प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा समेत 21 किसानों के प्रतिनिधिमंडल की एलडीएस वीसी सत्येंद्र कुमार सिंह से बातचीत के बाद स्थिति सामान्य हुई।
आश्वासन पर माने किसान
किसान तभी माने जब वीसी ने किसानों की मांगें जल्द मानने के अलावा 3000 चबूतरों के लिए बुधवार से रजिस्ट्री शुरू करने का आश्वासन दिया।
एलडीए ने किसानों को ये आश्वासन दिए
- किसानों को 3000 चबूतरे दिये जाएंगे। इनकी रजिस्ट्री बुधवार से शुरू की जाएगी।
- बचे हुए चबूतरों की लाटरी 25 मई तक कर दी जाएगी।
- किसानों के मुआवजे के लिए काटा गया इनकम टैक्स प्राधिकरण रिफंड करेगा।
- पंचायत घर और सामुदायिक केंद्रों का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा।
- मुआवजा देने में हुई गड़बड़ी दूर की जाएगी।