बाइक से गिरी पटाखों की बोरी से जोरदार धमाका, व्यापारी की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पटाखों से भरी बोरी में हुए विस्फोट से पटाखा व्यापारी की मौत हो गई। पूराकलंदर थानाक्षेत्र के हनुमतनगर बाजार में मंगलवार की भोर में हुए धमाके से लोग दहल उठे। हादसा तब हुआ जब बगैर लाइसेंस के अवैध पटाखों की खेप घर से लाकर दुकान में रखने के लिए बोरी बाइक से उतारते समय गिर पड़ी।
व्यापारी का लड़का भी धमाके की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि दुकानों के टिन शेड क्षतिग्रस्त हो गए। सीमेंटेड जीने में दरार पड़ गई और पान की गुमटी में आग लग गई।
विलंब से पहुंची पुलिस ने घायल बाप-बेटे को आनन-फानन में जिला अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने कारोबारी को मृत घोषित कर दिया और उसके बेटे को भर्ती किया। पुलिस अधिकारियों ने मौका-मुआयना किया है।
थानाक्षेत्र के अबनपुर सरोहा मजरे बरई का पुरवा निवासी ओम प्रकाश साहू ने क्षेत्र के हनुमतनगर बाजार में जनरल स्टोर की दुकान खोल रखी है। वह अवैध पटाखों की खेप लाया था, जिसे मंगलवार की भोर दीपावली पर बिक्री के लिए अपने पैतृक गांव अवनपुर सरोहा के मजरे बरई का पुरवा से हनुमतनगर स्थित किराना स्टोर ले जा रहा था।
पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए
बाइक कारोबारी चला रहा था, जबकि उसके 18 वर्षीय बेटे अमित कुमार साहू उर्फ वीरेंद्र ने पटाखों की बोरी पकड़ रखी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाप-बेटे बाइक से भोर लगभग पांच बजे हनुमतनगर चौराहा स्थित किराना के दुकान पर पहुंचे।
ओम प्रकाश खुद बाइक पर बैठा रहा और बेटे अमित को दुकान का शटर खोलने भेज दिया। इसी दौरान पटाखों से भरी बोरी उतारने में फर्श पर गिर पड़ी और धमाका हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि दूर-दूर तक आवाज सुनी गई। धमाके में ओमप्रकाश के शरीर के चीथड़े उड़ गये। विस्फोट के चलते ओम प्रकाश की दुकान समेत बगल स्थित मुकेश कनौजिया के मेडिकल स्टोर का शटर टेढ़ा हो गया।
दुकान के सामने स्थित टिन शेड उखड़ गया। वहीं निकट स्थित राजेंद्र प्रसाद पांडेय की पान गुमटी क्षतिग्रस्त हो गई और गुमटी के छप्पर में आग लग गई। चपेट में आकर अमित कुमार साहू उर्फ वीरेंद्र भी घायल हो गया।
धमाके की आवाज पर गश्त व निगरानी के लिए चौराहे पर मौजूद चीता दस्ते के सिपाही मौके पर पहुंचे। माजरा देख पुलिसकर्मियों के होश उड़ गये। दस्ते के सिपाहियों ने थाने पहुंच मामले की जानकारी थाना प्रभारी को दी। अधिकारियों को मामले की जानकारी दिये जाने के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस बुलवाकर घायल बाप-बेटे को जिला अस्पताल भिजवाया।
ये कह रहे हैं अफसर
जानकारी पर एसपी सिटी आरएस गौतम, सीओ अयोध्या दिनेश चंद्र द्विवेदी, तहसीलदार सोहावल राम जनम यादव ने मौके पर पहुंच पूरे प्रकरण की जानकारी ली और छानबीन की।
थानाध्यक्ष सुभाष चंद्र सरोज ने बताया कि अवैध पटाखों की बोरी गिरने से धमाका हुआ है। विस्फोट के चलते अवनपुर सरोहा के मजरे बरई का पुरवा निवासी 35 वर्षीय ओम प्रकाश साहू पुत्र स्व. रामबरन की मौत हो गई। जबकि उसका लड़का अमित कुमार उर्फ वीरेंद्र घायल हुआ है। घायल अमित का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
बीवी बोली, ..पटाखा लाने से किया था मना
किराना कारोबारी ओम प्रकाश साहू की पत्नी देवमती व छोटे बेटे 12 वर्षीय सुमित कुमार तथा बेटी 14 वर्षीय राखी का रो-रोकर बुरा हाल है। खुशियों के त्योहार की ऐन बेला पर परिवार में मातम छा गया है।
किसी को खुशियों की रोशनी की जगह काल की स्याह रात आने की आशंका भी नहीं थी। हालांकि देवमती को अपने पति ओम प्रकाश की हरकत कुछ ठीक नहीं लग रही थी। होश आने पर वह एक ही बात की रट लगाये थी, मैने तो पटाखा लाने से ही मना किया था। फिर वह बेहोश हो जाती है।
गांव वालों ने बताया कि मृतक ओम प्रकाश के पिता रामबरन प्राइमरी में मास्टर थे। पिता के रिटायरमेंट व मौत के बाद परिवार का भरण-पोषण हनुमतनगर चौराहे स्थित किराना की दुकान से होता था।