अमर उजाला मेडिकल हेल्पलाइन: सब्जियों को पहले नमक-पानी से धोएं फिर इस्तेमाल करें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
‘अमर उजाला’ की ओर से शुरू की गई हेल्पलाइन में लोहिया संस्थान की माइक्रोबायोलॉजी विभाग की प्रोफेसर और आईएमए की वरिष्ठ सदस्य डॉ. विनीता मित्तल ने लोगों के सवालों का जवाब दिया। इस दौरान उन्होंने लोगों को बीमारी संबंधी जानकारी देने के साथ ही हर दिन अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में भी बताया।
उन्होंने बताया कि बाजार से सब्जी, फल लाने के बाद उसे नमक पानी में कुछ देर के लिए भिगो दें। इसके बाद साफ पानी से धुल कर प्रयोग करें। इसी तरह घर से बाहर निकलने पर मास्क का प्रयोग और हर दो घंटे में हाथों की धुलाई को आदत में लाना होगा। डॉ. मित्तल ने कहा कि वायरस का असर करीब छह माह से ज्यादा रह सकता है। इसलिए अभी से मानसिक रूप से तैयार रहना होगा। पेश हैं कुछ ऐसे सवाल, जिसे ज्यादातर लोगों ने पूछा।
सवाल- कोरोना वायरस को लेकर डर बना रहता है। जरा सा बुखार आने पर लगता है कि कोरोना की चपेट में आ गए हैं। इससे बचने का क्या तरीका है?
- नारायण दुबे कमता, सभाजीत सिंह आलमबाग, शकील अहमद नींबू पार्क
जवाब- कोरोना वायरस को लेकर डरने की जरूरत नहीं है। तेज बुखार, जुकाम, गले में खराश, शरीर में तेज दर्द, सांस लेने में तकलीफ आदि हो तो फीवर क्लीनिक में जाकर जांच करा लें। सिर्फ बुखार है तो परेशान न हों। यह सामान्य फ्लू हो सकता है। इससे बचने के लिए अपनी आदतों में बदलाव करना होगा। मास्क का नियमित पालन करें। घर से निकलने वाले मास्क हमेशा लगाएं। भीड़भाड़ वाली जगह पर न जाएं। जहां भी रहें, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। इन बातों का ध्यान रखकर कोरोना वायरस से बचा जा सकता है।
'क्या एन-95 मास्क सभी के लिए जरूरी है'
सवाल- मास्क का प्रयोग कैसे करें, क्या एन-95 मास्क सभी के लिए जरूरी है?
- पिंकी ठाकुरगंज, देवाजीत अर्जुनगंज, बृजेश कुमार गोमती नगर
जवाब- सर्जिकल मास्क का प्रयोग सिर्फ एक बार किया जाता है। मास्क प्रयोग करने के बाद उसे इधर-उधर न फेंकें। मास्क और ग्लव्स को साबुन से धोएं और फिर उसे डस्टबिन में डाल दें। इसके बाद साबुन पानी से अपने हाथ धुल लें। थ्री लेयर कपड़े का मास्क प्रयोग करने के बाद उसे साबुन से धुल कर दोबारा प्रयोग कर सकते हैं। एन-95 मास्क उन लोगों के लिए जरूरी है, जो वार्ड में ड्यूटी कर रहे हैं अथवा पॉजिटिव हैं या पॉजिटिव मरीज के सीधे संपर्क में हैं। जिन लोगों के पास मास्क नहीं है। वे गमछा या दुपट्टा को तीन लेयर में मोड़ लें और उससे मुंह व नाक को अच्छी तरह से बांध लें।
सवाल- सब्जी बाहर से लाना पड़ता है। क्या इससे भी कोरोना आ सकता है। इससे कैसे बचें?
- श्वेता सिंह पटेल नगर, गीता शुक्ला सदर, जयश्री पांडेय ट्रांसपोर्ट नगर
जवाब- सब्जी लाने के बाद सीधे किचन में न ले जाएं। उसे बाहर ही रखें। एक बाल्टी में नमक या फिटकरी अथवा सोडा डालें। फिर कुछ देर तक उसमें सब्जी डुबो दें। इसके बाद दो बार सादे पानी से अच्छी तरह से धुलें और फिर किचन में रखें। इसी तरह दूध का पाउच भी धुल करके ही अंदर ले जाएं। इसी तरह घर की प्रतिदिन साफ-सफाई जरूरी है। टेबल-कुर्सी आदि के साथ ही दरवाजे के हैंडल को भी साबुन पानी या सैनिटाइजर से धुलते रहना चाहिए।
अस्पताल बंद होने से टीकाकरण कराने नहीं जा पा रहे हैं क्या करें
सवाल- बच्चे का टीका लगवाना है। अस्पताल बंद होने से टीकाकरण कराने नहीं जा पा रहे हैं क्या करें?
- गायत्री आलमनगर, आमना परवीन खुर्रम नगर, शिवानी गोमती नगर
जवाब- इस समय स्थितियां अनुकूल नहीं हैं। बच्चे को लेकर बाहर निकलना खतरनाक हो सकता है। इसलिए टीकाकरण को लेकर परेशान न हों। जो टीके रह गए हैं, उन्हें बाद में लगवा लेना चाहिए। अब गर्मी बढ़ने लगी है। ऐसे में बच्चे को तरल पदार्थ देते रहें। पानी की कमी न होने पाए। यदि बच्चे को दस्त व उल्टी होती है तो ओआरएस दे देना चाहिए और डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। मां अथवा परिवार का कोई भी सदस्य बच्चे को उठाने से पहले हाथ जरूर धोए। इसी तरह गर्भवती महिलाओं को भी बाहर निकलने से बचना चाहिए। आयरन, कैल्शियम की गोलियां पहले की तरह लेती रहें। घर में फल व सब्जी खाने पर जोर दें। हल्का भोजन करें। पानी खूब पियें। किसी तरह की दिक्कत हो तो फोन पर ही डॉक्टर से सलाह लें। जब तक गंभीर स्थिति नहीं हो अस्पताल जाने से बचें।