बेइज्जती कर सुधारे जाएंगे छेड़खानी करने वाले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लड़कियों को फोन से लेकर राह चलते परेशान करने वाले शोहदों पर नियंत्रण करने के लिए 1090 वुमन पावर लाइन अब फैमिली, फ्रेंड्स, रिलेटिव्ज (एफएफआर) को लूप में लेने की रणनीति पर काम करेगा। इसके जरिए उन पुरुषों के करीबियों को संपर्क कर उन्हें सुधारने के लिए कहा जाएगा।
माना जा रहा है कि इस तरह की कोशिश से सामाजिक अपमान होने का मनोवैज्ञानिक असर इन ऑफेंडर्स पर होगा और वे गलत हरकतें करना बंद कर देंगे।
इस पहल के तहत उन उन पुरुषों के फोन नंबरों की कॉल डीटेल्स निकाली जाएंगी जो पहली दफा दी गई चेतावनी पर भी नहीं सुधर रहे हैं।
आईजी (वीमन सेल) नवनीत सिकेरा के अनुसार 1090 पावर लाइन के पास आई शिकायतों में से तकरीबन 95 प्रतिशत मामलों में ऑफेंडर्स को की गई यूपी पुलिस की पहली कॉल ही काफी होती है। इसके बाद वे गलत काम करना छोड़ देते हैं।
इस तरह सुधारा जाता है आफेंडर्स को
अगर वे फोन पर किसी लड़की को परेशान कर रहे होते हैं, या सड़क पर पीछा या छेड़छाड़ कर रहे होते हैं तो चेतावनी मिलने के बाद दोबारा ऐसा नहीं करते। जो बच जाते हैं उनके लिए यह प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
वहीं पावर लाइन प्रभारी राघवेंद्र सिंह के अनुसार ऑफेंडर्स की फोन कॉल डीटेल्स की जांच की जाती है और जिन नंबरों पर वे ज्यादा कॉल करते पाए जाते हैं, उनसे यूपी पुलिसकर्मी बात करते हैं।
इस दौरान पुरुष के साथ उस व्यक्ति का रिश्ता पता किया जाता है, जिनमें अधिकतर परिवार के सदस्य जैसे पत्नी, बहन-भाई या माता-पिता होते हैं या फिर दोस्त या गर्ल फ्रेंड, सहकर्मी और बॉस।
इन लोगों को ऑफेंडर की हरकतों के बारे में बताया जाता है। साथ ही समझाया जाएगा कि वे अपने करीबी के व्यवहार में परिवर्तन लाएं। ऐसा नहीं हुआ तो पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
आफेंडर्स पर पड़ेगा मानसिक दबाव
पावर लाइन का मानना है कि इस तरह की कोशिश से उन लड़कियों को राहत मिलेगी जो लगातार सताई जा रही हैं और इस वजह से उनका जीवन तनाव से गुजर रहा है। दूसरी ओर ऑफेंडर पर इसका मनोवैज्ञानिक प्रभाव होगा।
किसी लड़की को अश्लील मैसेज भेजने वाले हों या सड़क पर भद्दे कमेंट्स पास करने वाले, वे कभी नहीं चाहते उनके प्रियजनों को इसकी जानकारी हो।
इससे वे उनकी नजरों में गिर जाएंगे जिनका वे सम्मान करते हैं या सम्मान पाते हैं। दूसरी ओर सामाजिक तौर पर अपमानित होने की स्थिति तो बनेगी ही। यह सभी उनके मनोवैज्ञानिक रूप से गलत हरकतें करने से रोकेगा।
इस तरह हुआ असर
पिछले दिनों एक लड़की ने फोन कॉल करके परेशान करने वाले की शिकायत पावर लाइन में दी। जिस नंबर से फोन आ रहे से उसे ऐसा न करने के लिए आगाह किया गया, लेकिन वह नहीं माना।
इस पर उससे नियमित बात करने वाले फोन पर पावर लाइन से कॉल किया गया जो एक महिला थी। उसने बताया कि वह ऑफेंडर की महिला है, उसे बताया गया अगर उसके पति ने लड़की को परेशान करना बंद नहीं किया तो पुलिस कार्रवाई की जाएगी।
अगले दिन वह महिला 1090 कार्यालय आई और पति द्वारा फिर ऐसा नहीं करने का वादा किया। साथ ही बताया कि वह दो बच्चों की मां है और पति को इनकी कसम दिलवा कर सुधार देगी।