लखनऊ में सआदतगंज के रिहायशी इलाके चौपटिया में बृहस्पतिवार रात 70 वर्षीय चिकन कारोबारी बिलाल अहमद और उनकी पत्नी बिलकीस जहां (65) का घर में घुसकर बेरहमी से गला रेत दिया गया। करीब साढे़ नौ बजे बगल के कमरे में रहने वाले गुड्डू उर्फ सलीम व उसके भाई शक्कू ने दरवाजा खुला देख भीतर झांसा तो बुजुर्ग दंपती के खून से लथपथ शव देखकर होश उड़ गए। पुलिस को दोहरे हत्याकांड की सूचना मिली तो हड़कंप मच गया।
बुजुर्ग दंपती की गला रेतकर हत्या के बाद लूटपाट, खून से लथपथ शव देखकर होश उड़े, तस्वीरें
एडीजी लखनऊ जोन एसएन साबत और एसएसपी कलानिधि नैथानी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। पुलिस को कमरे की आलमारियों में रखा सामान बिखरा मिला है जिससे लग रहा है कि हत्यारों ने लूटपाट के इरादे से हत्या की है। वारदात में किसी परिचित का हाथ होने की आशंका जताते हुए संपति के विवाद और रंजिश समेत अन्य बिंदुओं पर भी पड़ताल की जा रही है। एसएसपी ने बताया कि बिलाल अहमद और बिलकीस जहां मूलरूप से कानपुर के पटकापुर के रहने वाले थे और करीब 50 साल से यहां अब्दुल अजीज रोड स्थित एक मंजिला मकान के पहले तल पर किराये पर रह रहे थे। बिलाल की चौक स्थित चिकन मंडी में अहमद चिकन के नाम से दुकान है। मकान के भूतल पर शाजेब और उसके परिवारीजन रहते हैं जबकि पहली मंजिल के एक हिस्से में बिलाल व दूसरे हिस्से में गुड्डू उर्फ सलीम और उसका भाई शक्कू रहते हैं। बिलाल की एक बेटी सहर है जो दांतों की डॉक्टर है और पति फरहान के साथ आस्ट्रेलिया में रहती है।
रात करीब साढ़े नौ बजे शक्कू और सलीम अपने कमरे से बाहर निकले तो सामने बिलाल के हिस्से का दरवाजा खुला हुआ था। दरवाजे के भीतर झांकने पर बिलाल को खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा देख दोनों के होश उड़ गए। बकौल शक्कू, भीतर जाने पर पीछे के कमरे में बेड पर बिलकीस पड़ी नजर आईं। दोनों के गले कटे हुए थे व शरीर पर धारदार हथियार के कई निशान थे। आसपास खून फैला हुआ था।
शक्कू और सलीम शोर मचाते हुए नीचे भागे और पुलिस को सूचना दी। बुजुर्ग दंपती की धारदार हथियार से हत्या की वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के होश उड़ गए। मौके पर पहुंचे अधिकारियों को कमरों की आलमारियां खुली मिलीं। उनमें रखा सामान आसपास बिखरा हुआ था। एसएसपी ने बताया कि वारदात में किसी परिचित का ही हाथ होने की आशंका लग रही है। क्राइम ब्रांच और सर्विलांस के साथ ही पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई जा रही है।
दंपती की हत्या की वारदात में दो से अधिक बदमाशों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों शव अलग-अलग पड़े मिले हैं। बिलाल का शव दो कमरों के बीच की गैलरी में था, जबकि बिलकीस की लाश पीछे के कमरे में बेड पर थी। पुलिस के मुताबिक हत्यारों ने दोनों को अलग-अलग काबू में करके मारा होगा।