यादव सिंह पर सीबीआई के बाद कसेगा ईडी का शिकंजा
काली कमाई के कुबेर नोएडा प्राधिकरण के निलंबित मुख्य अभियंता यादव सिंह पर सीबीआई के बाद जल्द ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का भी शिकंजा कस सकता है।
ईडी ने इसके लिए तैयारियां कर ली हैं। उसे सिर्फ सीबीआई की एफआईआर का इंतजार है। माना जा रहा है कि प्रवर्तन निदेशालय इसी हफ्ते जांच शुरू कर सकता है।
प्रवर्तन निदेशालय ने इस बीच यादव सिंह और उससे जुड़े लोगों के नाम से चल रही सभी कंपनियों व फर्मों का ब्यौरा जुटाना शुरू कर दिया है। साथ ही आयकर विभाग की कार्रवाई में जो कुछ सामने आया, उसका भी सिजरा हासिल किया जा रहा है।
ईडी के सूत्रों का कहना है कि जांच के लिए निदेशालय ने चुनिंदा अफसरों और कर्मचारियों की टीम भी तैयार कर ली है।
अफसरों ने कहा, हमारी तैयारी पूरी
ईडी मुख्यालय के अफसरों का कहना है कि यादव सिंह प्रकरण की जांच की तैयारी पूरी है। सीबीआई की एफआईआर हासिल होते ही जांच शुरू कर दी जाएगी। वहीं सीबीआई के सूत्रों का कहना है कि जांच एजेंसी एक-दो दिन में ईडी को यह एफआईआर भेजने वाली है।
मनी लॉन्ड्रिंग पर होगा ईडी का फोकस
ईडी के अफसरों का कहना है कि जांच एजेंसी अपने स्तर से धांधली के विभिन्न पहलुओं की जांच करेगी। खासतौर पर उस रकम का पता लगाने की कोशिश होगी जो पद का दुरुपयोग कर अर्जित की गई।
अफसरों का मानना है कि काली कमाई को ठिकाने लगाने के लिए मनी लॉन्ड्रिंग का सहारा लिया गया होगा। लिहाजा ईडी यादव सिंह व उसके करीबियों से जुड़ी फर्मों का ब्यौरा जुटा रही है।