मेट्रोमैन का सीएम से वादा, डेडलाइन से पहले लखनऊ में चलेगी मेट्रो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी में मेट्रो एक दिसंबर से पहले दौड़ने के लिए तैयार होगी। यह वादा खुद मेट्रोमैन ई. श्रीधरन ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से शुक्रवार को मुलाकात के दौरान किया। मेट्रोमैन से मिले आश्वासन के बाद सीएम ने मुख्य सलाहकार आलोक रंजन और मुख्य सचिव दीपक सिंघल को चेन्नई जाने का निर्देश दिया है।
ताकि कंपनी से मेट्रो टेन का पहला सेट जल्द तैयार करने को कहा जा सके। मेट्रो के कोच अलस्टॉम कंपनी चेन्नई में बना रही है। इसके साथ ही लखनऊ मेट्रो देश की सबसे तेज और कम समय में पूरा होने वाला प्रोजेक्ट भी बनने में सफल होगी।
ई-श्रीधरन मेट्रो के काम की समीक्षा के लिए शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे। काम की प्रगति का जायजा लेने के बाद वह सीएम से मिले। इस दौरान उनके साथ एलएमआरसी के एमडी कुमार केशव भी मौजूद थे।
ये होंगी मेट्रो की खूबियां
उन्होंने बताया कि मेट्रोमैन ने सीएम से कहा कि काम काफी तेजी से चल रहा है। ऐसे में ट्रायल मेट्रो कोच की आपूर्ति होने पर निर्भर करेगा। मुख्यमंत्री को मेट्रोमैन ने टिकट के रूप में उपयोग होने वाले स्मार्ट ट्रेवल कार्ड का प्रोटोटाइप कार्ड भी दिया। मुख्यमंत्री को बताया गया कि लखनऊ मेट्रो पूरी तरह खास होगी।
राजधानी को ट्रैफिक जाम, प्रदूषण से निजात के अलावा आधुनिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम से भी रूबरू कराएगी। सीएम को बताया गया कि मेट्रो कोच में यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक एनाउंसमेंट एंड डिस्पले सिस्टम, इमरजेंसी कम्युनिकेशन सिस्टम, ट्रेन के कंट्रोलर से बातचीत के लिए टॉकबैक सुविधा, सीसीटीवी से निगरानी, दिव्यांगों की व्हीलचेयर के लिए विशेष जगह, एडजस्टेबल फ्लोर जैसे फीचर्स को जोड़ा गया है।
एमडी कुमार केशव ने बताया कि ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन के लिए उपयोग होने वाले कार्ड का नाम ‘गो स्मार्ट’ होगा। इससे यात्रियों को मेट्रो से आने-जाने में काफी सुविधा होगी।
कार्ड से 28 अलग-अलग सरकारी और गैर सरकारी संस्थाओं की सुविधाओं को जोड़ा जा सकेगा। यही कार्ड कानपुर और वाराणसी की मेट्रो में भी उपयोग होगा। इसका पहला डिजाइन मुख्यमंत्री को दिया गया है।