वेस्ट यूपी में नेपाल से हो रही नशीले पदार्थों की तस्करी
वेस्ट यूपी के कई जिलों में नेपाल से मादक पदार्थों की बड़ी खेप पहुंचती है। बरेली के बहेड़ी इलाके से तकरीबन पांच करोड़ रुपये की चरस के साथ एसटीएफ द्वारा दबोचे गए दो तस्करों से इसकी पुष्टि हुई है।
पूछताछ में दोनों तस्करों ने एसटीएफ को बताया था कि रामपुर जिले के मुख्तार खान नाम के एक व्यक्ति के कहने पर यह चरस लाई गई थी। इससे पहले भी मुख्तार के लिए नेपाल से तस्करी कर मादक पदार्थ यहां लाई जा चुकी है। लेकिन दोनों तस्कर एसटीएफ को मुख्तार का पता नहीं बता सके थे।
उन्होंने बताया था कि मुख्तार उनसे फोन पर संपर्क में रहता था और जिले के बाहर ही कहीं मिलता था जहां से वह मादक पदार्थ लदे वाहन को अपने साथ ले जाता था और बाद में वाहन उन्हें उसी स्थान पर दे देता था।
इस तरह की जा रही हैं जांच
एसटीएफ ने दोनों तस्करों से वह नंबर हासिल कर लिया र्है जिससे मुख्तार उनसे संपर्क करता था। इस नंबर की काल डिटेल हासिल करने की कोशिश हो रही है।
एसटीएफ के आईजी सुजीत पांडे ने माना कि मादक पदार्थों की यूपी में कई जगह आमद होने की सूचना है। उन्होंने कहा कि हर बार की तरह सटीक सूचना नहीं मिल पाती है कि कब और कहां खेप पहुंचाई जा रही है।
एसटीएफ के अफसरों की मानें तो पूर्वांचल के वाराणसी और इलाहाबाद के अलावा वेस्ट यूपी के अलीगढ़, बरेली, मेरठ, मुरादाबाद और कानपुर तक में मादक पदार्थों की बड़ी खेप मंगाए जाने की सूचना आती रहती है।
एसटीएफ अब ऐसी सभी सूचनाओं को जोड़कर देख रही है। इसके तहत एसटीएफ ऐसे भी लोगों को चिह्नित कर उन्हें सूचीबद्ध करेगी और इसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।