विधि यूनिवर्सिटी: एकेडमिक कैलेंडर जारी, दो नवंबर से नया सत्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय ने प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर का एकेडमिक कैलेंडर जारी कर दिया है। दाखिले की प्रक्रिया रुकी होने से प्रथम सेमेस्टर के नए सत्र का आगाज नहीं हो पा रहा था। अब क्लैट का परिणाम आ चुका है और काउंसिलिंग शुरू हो चुकी है, ऐसे में विधि विवि ने यूजीसी गाइडलाइन के अनुसार प्रथम व द्वितीय सेमेस्टर का एकेडमिक कैलेंडर जारी कर दिया है।
इसके अनुसार प्रथम सत्र की पढ़ाई दो नवंबर से शुरू होगी। कोरोना की वजह से सत्र लेट होने के कारण मानसून सत्र अब सर्दियों में और शीत सत्र गर्मियों में होगा। नए सत्र को मानसून सत्र का नाम दिया गया है। इसके अंतर्गत दो नवंबर से बीएएलएलबी ऑनर्स और एलएलएम के प्रथम सेमेस्टर की कक्षाएं शुरू होंगी।
फिलहाल विवि खोले जाने को लेकर शासन से कोई निर्णय नहीं हो पाया। इसलिए दो नवंबर से ऑनलाइन कक्षाएं शुरू कराई जाएंगी। 14 से 16 नवंबर तक दिवाली की छुट्टियां होंगी। वही टर्म एंड एग्जाम 14 मार्च से 26 मार्च तक होगा। होली की छुट्टियां 27 मार्च से 4 अप्रैल तक निर्धारित हैं, इसी दौरान 30 मार्च से 4 अप्रैल तक परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन होगा।
वहीं शीत सत्र में बीएएलएलबी ऑनर्स और एलएलएम के द्वितीय सेमेस्टर का सत्र शुरू होगा। इसके अंतर्गत अगले वर्ष 5 अप्रैल से द्वितीय सेमेस्टर का सत्र शुरू होगा। इसका टर्म एंड एग्जाम 9 अगस्त से लेकर 21 अगस्त तक और इंटर्नशिप 22 अगस्त से लेकर 29 अगस्त तक होगी। इस दौरान कॉपियों का मूल्यांकन भी होगा। स्थिति सही रही तो अगले वर्ष 30 अगस्त से नए सत्र का प्रारंभ हो जाएगा।
15000 रुपये अतिरिक्त फीस जमा करानी होगी
क्लैट की काउंसिलिंग चल रही है। इसी के सहारे लोहिया विधि विवि में दाखिले होंगे। 7 और 8 अक्तूबर को दाखिला लेने वाले छात्रों ने पंजीयन कराकर सीटों का विकल्प भरा। इस दौरान छात्रों ने विवि की फीस 50000 रुपये भी जमा कराई। 9 अक्तूबर को पहली सीट एलॉटमेंट सूची जारी होगी, जिसके अनुसार छात्रों को अलॉट किए गए विश्वविद्यालय में अपनी सीट लॉक करनी होगी और डॉक्यूमेंट वेरीफाई कराकर बाकी बची फीस जमा करानी होगी।
यह प्रक्रिया 10 अक्तूबर तक चलेगी। लोहिया विधि विवि की एडमिशन कमेटी ने दाखिले का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। लोहिया विधि विवि में दाखिला लेने वाले छात्रों को 15 हजार अतिरिक्त फीस जमा करानी होगी। इससे पहले छात्र 50000 रुपये जमा करा चुके होंगे।
विधि विवि की एडमिशन कमेटी ने कहा कि यह पहली इंस्टालमेंट पूरे साल की 50 प्रतिशत फीस के बराबर है। बाकी की इंस्टॉलमेंट दूसरे सेमेस्टर में जमा कराएंगे। दाखिले के लिए ऑनलाइन डॉक्युमेंट वेरीफिकेशन के दौरान 50,000 फीस जमा की रसीद, हाईस्कूल व इंटर की मार्कशीट-सर्टिफिकेट, ट्रांसफर व माइग्रेशन सर्टिफिकेट, चरित्र प्रमाणपत्र, क्लैट, एडमिट कार्ड व स्कोरकार्ड, जाति, दिव्यांग प्रमाणपत्र की स्कैन कॉपी अपलोड करने होंगे।