पूर्वांचल एक्सप्रेसवे उद्घाटन समारोह: सुकून में दिखे कार्यकर्ता, प्रशासन पर भीड़ जुटाने का जिम्मा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के लिए जिला प्रशासन को 20 हजार लोगों को ले जाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी ग्रामीणों के नाश्ते का भी प्रबंध किया गया है, जबकि लंच सभी को कार्यक्रम स्थल पर ही मिलेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुल्तानपुर दौरे में भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी प्रशासन ने अघोषित तौर पर संभाल ली है। कुल 20 हजार लोगों की जिले से भागीदारी का लक्ष्य है। प्रशासन ने चूंकि स्वयं मोर्चा संभाल रखा है, इसलिए निकटवर्ती जिले में पीएम के आगमन को लेकर बीजेपी के नेता व कार्यकर्ता सुकून में दिखे।
ऐसा इसलिए क्योंकि लाभार्थियों को ले जाने व भीड़ जुटाने के लिए कुल नौ में से प्रत्येक ब्लॉक में 44-44 बसें प्रशासन की निगरानी में भेज दी गई हैं। सभी ब्लॉक को मिलाकर 396 बसों से ग्रामीण पीएम के कार्यक्रम में ले जाए जाएंगे। इसके लिए बसें एक दिन पहले ही संबंधित गांवों में पहुंच गईं। इन बसों से ग्रामीणों को ले जाने के लिए बाकायदा कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रत्येक बस पर एक जिम्मेदार कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। गांव में ही ऐसे सभी ग्रामीणों के नाश्ते का भी प्रबंध किया गया है, जबकि लंच सभी को कार्यक्रम स्थल पर ही मिलेगा।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण करने आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में भारी भीड़ तय करने की जिम्मेदारी यूं तो भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं की होनी चाहिए, लेकिन इस बार वे आराम में दिखे। ऐसा इसलिए क्योंकि अघोषित तौर पर भीड़ जुटाने का जिम्मा प्रशासन ने संभाल रखा है।
पीएम के दौरे में भीड़ को लेकर इसी के चलते सत्तारूढ़ दल के नेताओं व कार्यकर्ताओं की तरफ से तैयारियों की कोई खबर मीडियाकर्मियों तक नहीं पहुंचाई गई। ऐसा इसलिए क्योंकि उनके द्वारा तैयारी करने की बजाय प्रशासन की तैयारियों पर ही पूरा ध्यान केंद्रित कर दिया गया है।
बैकडोर से किए गए जरूरी इंतजाम
इस बीच प्रशासन ने लगभग 20 हजार नागरिकों की रैली में भागीदारी का लक्ष्य पूरा करने के लिए बैकडोर से तमाम जरूरी इंतजाम किए हैं। इसके लिए जिले में सोमवार को ही प्रदेश के अलग-अलग डिपो से बसें जिला मुख्यालय पहुंच गईं। इन बसों को पहले राजकीय हवाई पट्टी अकबरपुर में खड़ा किया गया। इसके बाद उन्हें जिले के सभी नौ ब्लॉकों की तरफ रवाना कर दिया गया। प्रत्येक ब्लॉक को 44-44 बसें उपलब्ध कराई गईं।
ज्यादातर गांव में बसें शाम तक पहुंच गईं। तैयारी यह है कि इन बसों से विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों, प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में जाने को उत्सुक आम नागरिकों तथा पार्टी कार्यकर्ताओं को सुरक्षित ढंग से ले जाया जाएगा।
भीड़ जुटाने की तैयारी का जिम्मा प्रशासन पर किस तरह है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ब्लॉकों से प्रत्येक बस के लिए एक-एक कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। इसी कर्मचारी की देखरेख में भीड़ सुल्तानपुर तक जाएगी। इन सब तैयारियों के चलते ही पीएम के दौरे से पहले सत्तारूढ़ दल के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता सुकून में नजर आए।