ब्रिटिश डिजाइन, अवधी तहजीब से बनेगा लखनऊ का ‘शान-ए-अवध’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अवधी तहजीब और पहचान के साथ ब्रिटिश कॉलोनियल स्ट्रक्चर के साथ लखनऊ का ‘शान-ए-अवध’ खड़ा होगा। एलडीए ने डिजाइन फाइनल कर ली है। इस नए डिजाइन में सुनहरापन लिए शान-ए-अवध की हूबहू कृति को दिखाया गया है।
56.48 एकड़ क्षेत्रफल में फैले इस निर्माण को मूर्त रूप देने के लिए अब इसका शिलान्यास कराए जाने की योजना भी एलडीए ने बना ली है। प्राधिकरण की कोशिश है कि अक्टूबर तक मुख्यमंत्री के हाथों इसका शिलान्यास हो जाए। इस संबंध में एलडीए ने मुख्यमंत्री को प्रस्ताव भेज दिया है।
दिल्ली की आर्किटेक्ट कंपनी राजेंद्र कुमार एंड एसोसिएट्स ने शहीद पथ से सटाकर बन रहे शान-ए-अवध का फाइनल डिजाइन प्राधिकरण को दे दिया है। दिल्ली के कनाट प्लेस की तर्ज पर तैयार होने वाले शान-ए-अवध को ब्रिटिश कॉलोनियल आर्किटेक्चर से तैयार किया गया है। यह डिजाइन लखनऊ की कई इमारतों जैसे छतर मंजिल से भी मिलता-जुलता है।
ऐसे में पूरे डिजाइन में अवधी तहजीब और कॉलोनियल आर्किटेक्चर का मिश्रण देखने को मिलता है। इसके साथ ही 1.23 लाख वर्ग मीटर में फैले इस चार मंजिला भवन में हर लग्जरी सुविधा का ख्याल रखा गया है। बेसमेंट में करीब 2,000 गाड़ियों की क्षमता की पार्किंग होगी। इसे 11 जोन में बांटा गया है।
इस तरह बनाया जा रहा है शान-ए-अवध
इसके अलावा भूतल, प्रथम तल और द्वितीय तल पर रिटेल आउटलेट्स के लिए जगह रहेगी। इन सभी आउटलेट्स के फ्रंट को सामान्य से चौड़ा रखा गया है, जिससे इमारत के बाहर से अच्छा लुक मिले।
मुख्य गुंबद के नीचे के एरिया में हर तल पर लैंड स्केपिंग और टेरेस पर कॉलोनियल डिजाइन इमारत की सुंदरता को बढ़ाएंगे।
शान-ए-अवध के पास ही पुलिस मुख्यालय, नेशनल कथक इंस्टीट्यूट, नवोदय स्कूल, आईटी पार्क का निर्माण भी शामिल है। 137 एकड़ में बन रहे क्रिकेट स्टेडियम का बर्ड आई व्यू भी यहां से मिलेगा जोकि इस इमारत की खासियत को बढ़ा देगा।
छह स्क्रीन का होगा मल्टीप्लेक्स
सभी सुख-सुविधाओं और अवधी तहजीब के साथ शॉपिंग के बाद मनोरंजन का इंतजाम भी शान-ए-अवध में किया गया है। यहां छह स्क्रीन का मल्टीप्लेक्स बनाया जाएगा। इसको मुख्य गुंबद के ठीक नीचे तीसरी मंजिल पर डिजाइन में रखा गया है। इसके अलावा बायीं तरह गेमिंग जोन और दायीं तरफ फूड प्लाजा के लिए जगह रहेगी। इसके अलावा कल्चरल हब, वाईफाई हब, एंफीथिएटर भी बनाए जाएंगे।
नौ मंजिला ऑफिस कॉम्प्लेक्स बनेगा
शान-ए-अवध के साथ एक नौ मंजिला इमारत भी डिजाइन में दर्शाई गई है। यह इमारत सरकारी ऑफिसों के लिए बनाई जानी है। योजना के मुताबिक, इस इमारत में भी सरकारी ऑफिसों को लखनऊ में अलग-अलग जगहों से हटाकर एक ही जगह पर लाया जाएगा। इससे लोगों को काम कराने के लिए अलग-अलग नहीं भटकना होगा।
आर्किटेक्ट ने अब इस इमारत की लोकेशन में थोड़ा बदलाव जरूर किया है। इस ऑफिस कॉम्प्लेक्स को अब इंटरनेशनल स्टेडियम की तरफ शिफ्ट किया गया है। इसके लिए पूर्व में शान-ए-अवध से सटी जगह का उपयोग प्रस्तावित था। लेकिन यहां लैंड स्केपिंग की जरूरत को देखते हुए इससे थोड़ा सा दूर शान-ए-अवध से किया गया है।
स्मार्ट डिस्ट्रिक्ट होगा शान-ए-अवध
योजना के मुताबिक शान-ए-अवध को स्मार्ट डिस्ट्रिक्ट के रूप में विकसित किया जाएगा। यह पूरा निर्माण ग्रीन बिल्डिंग के रूप में होगा। इसके अलावा सॉलिड वेस्ट के निस्तारण से लेकर कूलिंग, पीने के पानी की आपूर्ति, बिजली को भी स्मार्ट बनाया जाएगा। इसके पीछे की वजह पूरी इमारत का प्रबंधन आसान करना है।
दो मंजिला बरामदे से घिरी होगी इमारत
दिल्ली के कनाट प्लेस की तरह ही शान-ए-अवध में भी मुख्य इमारत के चारों ओर एक दो मंजिल ऊंचा बरामदा बनाया जाएगा। इस बरामदे से लोग मुख्य परिसर में बने शोरूम में शॉपिंग कर सकेंगे। यह उन्हें स्ट्रीट शॉपिंग का अहसास देगा।
एलडीए वीसी सतेंद्र सिंह का कहना है कि शान-ए-अवध का डिजाइन फाइनल हो चुका है। अब इसका शिलान्यास कराया जाना है। मुख्यमंत्री के हाथों शिलान्यास कराने के लिए प्राधिकरण अपनी तैयारी भी कर चुका है। यह लखनऊ के लिए एक अद्भुत अनुभव होगा। लखनऊ को एक नई पहचान भी शान-ए-अवध से मिलेगी।