UP Election 2022: उप मुख्यमंत्री बोले- पहले मूर्तियां व कब्रिस्तान बनाने में खर्च होता था विकास का धन
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अंबेडकरनगर के सुलेमपुर और जलालपुर में जनसभाओं को संबोधित किया। यहां पर तीन मार्च को मतदान होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ने सोमवार को सपा व बसपा पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारें मूर्तियां लगाने व कब्रिस्तान बनाने में धन खर्च कर देती थी। प्रदेश में अब योगी मोदी की डबल इंजन सरकार तेजी से विकास कर रही है। 5 वर्षों में भाजपा सरकार द्वारा किए गए कार्य 15 वर्ष के कार्यकाल वाली सरकारों पर भारी हैं।
सरकार ने पात्रता के अनुसार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने पार्टी प्रत्याशियों की भारी मतों से जीत सुनिश्चित करते हुए एक बार फिर प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाने का आह्वान किया।
जलालपुर के सर्वेश्वरी देवी कांवेंट स्कूल गोविंदपुर के मैदान में सोमवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा प्रत्याशी सुभाष राय के समर्थन में जनसभा की। बोले कि मैं शराब माफिया की जमानत जब्त कराने आया हूं। साइकिल बंगाल की खाड़ी भेज दो। इस चुनाव में भी सपा, बसपा सबका पत्ता साफ है। गुंडों के खिलाफ कार्रवाई की गई। आगे फिर यह अभियान जारी रहेगा।
सरकार बनने पर अंबरपुर के पास गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे से एप्रोच मार्ग दिया जाएगा। जलालपुर बाईपास का निर्माण भी कराया जाएगा। उन्होंने प्रत्याशी सुभाष राय को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। कहा कि 10 मार्च को एक बार फिर भाजपा की सरकार प्रदेश में बनने जा रही है।
'पूर्ववर्ती सरकारों ने सिर्फ गरीबों का शोषण किया है'
सुलेमपुर प्रतिनिधि के अनुसार सुलेमपुर बाजार स्थित रामलाल रघुनाथ वर्मा आदर्श इंटर कॉलेज सुलेमपुर में डिप्टी सीएम ने भाजपा प्रत्याशी कपिलदेव वर्मा को भारी मतों से जीत दिलाने का आह्वान किया। प्रदेश सरकार के पांच साल की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि 15 वर्ष में भी कोई सरकार इतना काम नही कर सकती। पूर्ववर्ती सरकार केवल गरीबों का शोषण करती रही हैं।
बसपा ने अपने शासनकाल में प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए धन से मूर्तियां बनाने काम किया तो सपा की सरकार ने कब्रिस्तानों पर पैसे खर्च कर गरीबों का मजाक उड़ाया। योगी मोदी की डबल इंजन सरकार ने प्रत्येक परिवार तक पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम किया। डिप्टी सीएम ने 3 मार्च को कमल के सामने वाली बटन दबाकर भाजपा प्रत्याशियों को जिताने का आह्वान किया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष मिथिलेश त्रिपाठी, वरिष्ठ भाजपा नेता शिवनायक वर्मा, रामप्रकाश यादव, गोकरण द्विवेदी, सत्यप्रकाश सिंह, अनंतराम मिश्र, मनोज मिश्र, निषाद पार्टी प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद निषाद, रूद्रप्रसाद उपाध्याय, देवेंद्र शर्मा, शंभूनाथ आदि मौजूद रहे।