...इस मामले में दिल्ली की तरह होगी लखनऊ मेट्रो
राजधानी में मेट्रो रेल परियोजना के सुरक्षा प्रबंध दिल्ली मेट्रो जैसे ही होंगे। शासन ने इसके लिए लखनऊ मेट्रो में सुरक्षा के समुचित इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
पीएसी के अपर पुलिस महानिदेशक सुभाष चंद्र को दिल्ली मेट्रो परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था का अध्ययन कर जल्द से जल्द रिपोर्ट देने को कहा गया है।
दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा का दारोमदार केंद्रीय सुरक्षा बल सीआईएसएफ के पास है। सीआईएसएफ जिस तरह यहां चेकिंग व सर्विलांस रखती है, उसी तर्ज पर लखनऊ मेट्रो में भी सुरक्षा के इंतजाम किए जाने का विचार है।
अधिकारी इसके लिए एक अलग बटालियन की तैनाती करने पर विचार कर रहे हैं। यह बटालियन सीआईएसएफ की तरह ही खास तौर पर प्रशिक्षण प्राप्त होगी।
जल्द ही प्रजेंटेशन देंगे अधिकारी
प्रमुख सचिव गृह देबाशीष पंडा की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को एनेक्सी के कमांड सेंटर में एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। इसमें लखनऊ मेट्रो परियोजना के लिए चुस्त-दुरुस्त व प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विषय पर विमर्श किया गया।
इस सिलसिले में शासन ने लखनऊ मेट्रो के अधिकारियों से भी जल्दी ही एक प्रजेंटेशन देने को कहा गया।
सुरक्षा के मुद्दे पर हुई इस बैठक में डीजीपी जावीद अहमद, गृह सचिव कमल सक्सेना, अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था दलजीत सिंह चौधरी, पुलिस महानिरीक्षक यातायात अमिताभ यश, आवास विभाग और मेट्रो रेल परियोजना लखनऊ के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।