गोमती नदी के किनारों को खूबसूरत बनाने के लिए खर्च होंगे करोड़ों
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोमती नदी के किनारों को खूबसूरत बनाने की योजना का बजट 444 करोड़ रुपये और बढ़ा दिया गया है। सिंचाई विभाग ने पूर्व के प्रस्तावित बजट 656 करोड़ रुपये को बढ़ाकर अब 1100 करोड़ रुपये कर दिया है। इसके लिए अगले महीने एक प्रस्ताव यूपी सरकार को विभाग भेजेगा।
डीएम राजशेखर कार्य की प्रगति देखने मंगलवार को पहुंचे। इस दौरान सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने उन्हें योजना का बजट बढ़ने की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि अब तक शासन से 580 करोड़ रुपये विभाग को मिल चुके हैं। इसमें से 350 करोड़ रुपये का भुगतान निर्माण कर रही कंपनी को कर दिया गया है।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि काम शुरू करने के बाद बदली योजनाओं की वजह से बजट में बढ़ोतरी हो गई है। डीएम को सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने योजना पर प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक कुल 8.2 किमी के सापेक्ष 6.3 किमी डायफ्रॉम वॉल का निर्माण कर लिया गया है।
गोमती किनारे बनेगा साइकिल ट्रैक
इससे 12 मीटर की दूर पर एक दो मीटर गहरी और 60 सेमी चौड़ी एंकर वॉल भी बनाई जा रही है। काम 2016 के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि अभी समस्या सीओ गोमतीनगर के कार्यालय को शिफ्ट करने में आ रही है।
जमीन देने से लेकर निर्माण की लागत का भुगतान करने पर भी इस पर फैसला नहीं हो सका है। डीएम ने अब तीन दिन में स्थलीय निरीक्षण कर जमीन चिह्नित कर प्रस्ताव तैयार करने को संबंधित अधिकारियों को कहा है। निरीक्षण के समय एडीएम टीजी अशोक कुमार, एसपी टीजी एमआर सिंह, एक्सईएन रूप सिंह यादव, चंद्रशेखर डीजीएम गैमन इंडिया मौजूद रहे।
गोमती तट विकास परियोजना के द्वितीय चरण में 8.2 किमी लंबा साइकिल ट्रैक बनाया जाना है। यह 4.8 मीटर चौड़ाई के साथ दो लेन का होगा। इसके अलावा 1.6 किमी का वॉकिंग ट्रैक भी बनाया जाना है। हर 500 मीटर पर पार्किंग रहेगी। वहीं 2000 लोगों के बैठने के लिए एक एंफीथिएटर भी लामार्ट बंधा के पास बनाया जाना प्रस्तावित है।