विवाद के बाद पत्नी ने पिया कीटनाशक, खुद ही इलाज करता रहा पति, मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के कृष्णानगर में दवा कारोबारी कमलकांत सक्सेना व पत्नी दुर्गेश सक्सेना (35) में शनिवार को बेटे की पैरेंट्स-टीचर मीटिंग को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद महिला ने कीटनाशक पी लिया। कमलकांत उसे अस्पताल ले जाने के बजाए घर पर ही खुद इलाज करता रहा। जब स्थितियां नियंत्रण से बाहर हो गईं तो निजी हॉस्पिटल ले गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या, मानसिक प्रताड़ना व साजिश रचने का केस दर्ज कर शव पोस्टमार्टम को भेजवाया। इससे पहले आरोपी ने अपने मोबाइल व पत्नी के मोबाइल के मैसेज डिलीट कर दिए थे। पुलिस ने दोनों के मोबाइल कब्जे में लिए हैं।
इंस्पेक्टर कृष्णानगर रवींद्र नाथ राय ने बताया कि पारा के पूर्वीदीन खेड़ा भव्यापुरम निवासी पीयूष की बहन दुर्गेश का विवाह 2004 में कृष्णानगर के विराटनगर निवासी कमलकांत सक्सेना से हुआ था। दोनों के तीन बेटे कृष्णा (12), वरुण (8) व पारस (5) हैं। कमलकांत दवा सप्लाई का काम करते हैं और प्रिटिंग प्रेस भी है। शनिवार को दुर्गेश व कमल के बीच बेटे के पैरेंट्स-टीचर मीटिंग को लेकर विवाद हुआ था। इसके कुछ देर बाद ही दुर्गेश घर के अंदर बेहोश पड़ी थी। भाई ने आरोप लगाया कि कमलकांत ने खुद ही दुर्गेश इलाज शुरू कर दिया।
जब स्थितियां बिगड़ीं तो अवध अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से कमल ने फोन कर सूचना दी। आरोप है कि अगर समय से कमल अस्पताल लेकर आ जाता तो दुर्गेश की जान बच जाती। कमल उसकी हत्या करना चाहता था।
दूसरी शादी से डिप्रेशन में रहने लगी थी दुर्गेश
तीन साल पहले कमलकांत की मुलाकात बैंक कर्मचारी ऋचा पांडेय से हुई। इसके बाद दोनों ने शादी कर ली और उसके साथ माल एवेन्यू में रहने लगा। दोनों को एक साल का बेटा कौस्तुभ है। इसके बाद से दुर्गेश डिप्रेशन में रहने लगी। दवा कारोबारी पहली पत्नी और बेटों पर ध्यान नहीं देता था।
मोबाइल पर कॉल रिसीव नहीं हुई तो भेजा मैसेज
इंस्पेक्टर के मुताबिक, दुर्गेश ने शनिवार शाम को कई बार फोन मिलाया, लेकिन कमल ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद मैसेज भेजा कि आप घर आ जाओ नहीं तो बहुत बुरा हो जाएगा। काफी देर तक कमल ने कोई जवाब नहीं दिया तो दुर्गेश ने कीटनाशक पी लिया।
इससे वह अचेत होकर फर्श पर गिर गई। कुछ देर बाद जब कमल पहुंचे तो उसे अवध अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। भाई की तहरीर पर हत्या, साजिश रचने और मानसिक प्रताड़ना का केस दर्ज कर लिया गया। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।