चुनावी रंजिश में 50 राउंड फायरिंग, 3 की मौत
प्रधानी चुनाव की रंजिश में सीतापुर के महोली का बड़ागांव चौराहा बृहस्पतिवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। करीब 50 राउंड अंधाधुंध फायरिंग में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। प्रधान व प्रधान पद के दावेदार के गुटों में हुई फायरिंग में चार अन्य घायल हो गए।
अपराह्न चार बजे पुलिस चौकी के सामने हुए इस खूनी संघर्ष से भगदड़ गच गई। दुकानें बंद कर लोग खेतों की ओर भाग निकले। तनाव को देखते हुए सीओ, कोतवाल मौके पर पहुंचे। भारी संख्या में पीएसी बल तैनात किया गया है। डीएम व एसपी ने देर शाम जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए।
वारदात में प्रधान पक्ष की ओर से किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। सभी आरोपी फरार हैं। समाचार लिखे जाने तक मामले में केस दर्ज नहीं हुआ था। मामले में बड़ागांव पुलिस चौकी का हेड कांस्टेबल अभिलाष कुमार और सिपाही उपेंद्र सिंह यादव को निलंबित कर दिया गया है।
महोली कोतवाली इलाके के बड़ागांव के प्रधान हरिवंश सिंह व प्रधान पद के दावेदार जितेंद्र मिश्रा के बीच आगामी चुनाव को लेकर तनातनी चल रही थी। बृहस्पतिवार को कोटे पर केरोसिन लेने को लेकर हरिबंश पक्ष के बंटी और जितेंद्र पक्ष के छोटू के बीच मारपीट हो गई।
पुलिसकर्मी भी जान बचाकर भाग निकले
मामला बढ़ते-बढ़ते बड़ागांव चौराहे तक आ गया। इस बीच, जितेंद्र भी समर्थकों के साथ वहां पहुंचा। उधर, प्रधान हरिवंश और उसके पक्ष के करीब 12 लोग भी असलहों से लैस होकर आ धमके।
दोनों पक्षों में पहले तो कहासुनी हुई फिर दोनों ओर से अंधाधुंध फायरिंग शुरू हो गई। आमने-सामने गोलियां चलने से प्रधान पक्ष के दावेदार जितेंद्र (33), उसके परिवार के ही लालजी मिश्रा (48) व सुंदरलाल (40) की मौके पर ही मौत हो गई।
बड़ागांव पुलिस चौकी के सामने जब गोलियों की तड़तड़ाहट शुरू हुई तो पुलिसकर्मी भी खौफ में आ गए और जान बचाकर भाग निकले। लोग मार्केट बंद कर खेतों व सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। कुछ लोग घरों में दुबक गए। बाद में महोली पुलिस के साथ एसडीएम, सीओ सदर, व पीएसी मौके पर पहुंची तो भागे हुए सिपाही मौके पर आ गए।
घायलों के साथ पहुंचे आशीष मिश्रा के अनुसार उसके परिवार का जितेंद्र प्रधान पद का दावेदार था। मौजूदा प्रधानहरिवंश सिंह को अपनी कुर्सी जाती दिख रही थी। वह पूरी गैंग के साथ चौकी में बैठा था। जैसे ही जितेंद्र पहुंचा, अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।