कैबिनेट मंत्री के लिए आफत बना फौजी, धरा गया!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गौतमपल्ली थाने की पुलिस ने बृहस्पतिवार शाम कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति से 20 लाख रुपये मांगने के आरोप में अमेठी निवासी रिटायर्ड फौजी कमलेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि कमलेश आरटीआई की आड़ में मंत्री को ब्लैकमेल कर रहा था। मंत्री आवास के सिक्योरिटी गार्ड शिवचंद यादव की तरफ से एफआईआर दर्ज कराई गई है।
एसओ सुरेंद्र कुमार कटियार ने बताया कि शाम करीब साढ़े छह बजे कमलेश मंत्री के आवास पहुंचा था। साथ में कुछ और लोग भी थे। कमलेश एक फाइल में कुछ कागजात लेकर मंत्री से मिलने अकेले अंदर भीतर गया।
आरोप है कि इसके बाद उसने मंत्री के खिलाफ आरटीआई से कुछ सूचनाएं मांगने की जानकारी देते हुए 20 लाख रुपये मांगे। डिमांड पूरी न होने पर आरटीआई की सूचनाएं समाचारपत्रों में छपवाने की धमकी देने लगा।
मिले आरटीआई से जुड़े कई कागजात
इसे लेकर मंत्री के पीए पिंटू सिंह से उसकी कहासुनी हुई। इसके बाद पिंटू ने सिक्योरिटी गार्ड को बुला लिया। आवास से निकाले जाने के दौरान कमलेश हाथापाई करने लगा।
सूचना पर पहुंची गौतमपल्ली पुलिस ने कमलेश को हिरासत में ले लिया। एसओ का कहना है कि कमलेश के पास से आरटीआई से संबंधित कई कागजात मिले हैं।
रह चुका है मंत्री का करीबी
रिटायर्ड फौजी कमलेश कुमार खनन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति का बेहद करीबी रहा है। चुनाव के दौरान अमेठी में उसे मंत्री के नजदीकी के तौर पर जाना जाता था।
गौतमपल्ली एसओ सुरेंद्र कुमार कटियार ने भी इसकी पुष्टि की है। एसओ का कहना है कि कमलेश अक्सर मंत्री के आवास पर आता-जाता रहता था।