चोरी के आरोप में पकड़ी गई लड़की से थाने में रेप
चोरी के आरोप में पकड़ी गई एक महिला ने ग्वालटोली थाने के पुलिसकर्मियों पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि हिरासत के दौरान पुलिस कर्मी उसे थाने के कंप्यूटर रूम में ले गए। वहां सामूहिक दुष्कर्म किया।
आरोपी महिला के पति ने मंगलवार को एसएसपी शलभ माथुर को प्रार्थना पत्र देकर मामले की शिकायत की। एसएसपी ने सीओ कर्नलगंज से जांच कराई। एसएसपी का कहना है कि जांच में पुलिसकर्मियों पर लगे आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। महिला ने दबाव बनाने के लिए ड्रामा रचा है।
ग्वालटोली चौराहे के पास रहने वाले रितेश गुप्ता प्राइवेट नौकरी करते हैं। इनके घर पर क्षेत्र की एक महिला घरेलू काम करती थी। महिला ने एक दिन मौका पाकर उनके घर से 1.35 लाख के जेवर पार कर दिए। रितेश को 9 अप्रैल को ग्वालटोली थाने में महिला पर शक जताते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी।
महिला ने कुबूल किया था जुर्म
पुलिस ने शनिवार को आरोपी महिला के घर पर दबिश दी। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। कहा कि चोरी का माल उसने ग्वालटोली के राज ज्वैलर्स में बेचे हैं। पुलिस ने महिला की निशानदेही पर ज्वैलर्स आशीष वर्मा एडवोकेट को भी गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को दोपहर बाद महिला और ज्वैलर्स दोनों को कोर्ट में पेश किया गया।
वहां से न्यायिक हिरासत में दोनों को जेल भेज दिया गया। इधर, मंगलवार को आरोपी महिला के पति ने एसएसपी को प्रार्थना देकर आरोप लगाया कि पुलिस ने उसकी पत्नी को गुरुवार (नौ अप्रैल) को पकड़ा था। दो दिन तक थाने में रखाने के बाद शनिवार को जेल भेजा गया। पति का कहना है कि वह मंगलवार को जेल में पत्नी से मुलाकात करने गया।
तब पत्नी ने बताया कि थाने में सात-आठ पुलिसकर्मियों ने शुक्रवार रात उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। अगले दिन उसने एसओ को बताया, पर आरोपी पुलिसकर्मियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। एसएसपी ने सीओ कर्नलगंज अमित राय को जांच सौंपी। देर रात जांच रिपोर्ट आने के बाद एसएसपी ने बताया कि चोरी के आरोप में महिला और ज्वैलर्स को पकड़ा गया था। दोनों जेल भेजे गए हैं।
इनके चोरी का माल बरामद हुआ था। ज्वैलर्स ने 13 हजार रुपये में पूरे जेवर दो किश्तों में खरीदे थे। महिला ने पुलिस पर दबाव बनाने के लिए पुलिसकर्मियों पर गैंगरेप की झूठी कहानी गढ़ी है।