रायबरेली : छात्रा व उसकी मौसी की गला काटकर हत्या, घर के अंदर अलग-अलग कमरों में दोनों के अर्द्धनग्न हालत में मिले शव
रायबरेली के डीह थाना क्षेत्र में एक किशोरी व उसकी मौसी की निर्दयता से हत्या कर दी गई। दोनों के शव घर में अर्द्घनग्न हालत में पड़े मिले।
विस्तार
डीह (रायबरेली) में कंचनावां गांव में शनिवार रात किशोरी व मौसी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घर के अंदर अलग-अलग कमरों में दोनों के अर्द्धनग्न हालत में शव पड़े मिले। सूचना पाकर कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और जांच की। घटनास्थल पर चाय के टूटे कप, प्लेट व टूटी हुईं चूड़ियां मिलीं हैं। इससे पुलिस संभावना जता रही है किशोरी व महिला ने हत्यारों से खूब संघर्ष किया। वारदात में चार लोगों के शामिल होने की बात जांच में सामने आ रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से सुबूत जुटाए हैं। डबल मर्डर मामले में पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। अब तक की जांच में किसी करीबी के ही हत्या में शामिल होने का शक है। उधर, देर शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है।
डीह के कंचनावां गांव निवासी राधा सिंह (50) पत्नी सूर्यभान अमेठी जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गोसाई गांव निवासी उसकी बहन की बेटी श्रेजल (17) पुत्री वीरेंद्र के साथ रहती थी। यहीं पर रहकर श्रेजल कक्षा-नौ में पढ़ाई कर रही थी। बताते हैं कि शनिवार रात करीब 9.30 बजे राधा के बेटे रोहित ने मां के मोबाइल पर फोन किया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ बता रहा था। इस पर रोहित ने रविवार सुबह घर के सामने रहने वाले मोहन के मोबाइल पर फोन किया और मां से बात कराने की बात कही। कुछ देर बाद मोहन का लड़का राहुल मोबाइल से बात कराने राधा के घर गया तो महिला व किशोरी का खून से लथपथ शव देख सहम गया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी जुट गए।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रोहित चौरसिया ने सूचना पुलिस को दी। थोड़ी ही देर में पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के अलावा सीओ सलोन इंद्रपाल सिंह, थानेदार रवींद्र सोनकर समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। एसपी ने घटनास्थल की पड़ताल की। आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए। पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि अब तक की जांच में हत्या की बात ही सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि धारदार हथियार से दोनों हत्याएं की गईं हैं। दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है।
चाऊमीन खाई, चाय पी और फिर कर दिया कत्ल
घटनास्थल पर टूटे पड़े थे कप-प्लेट व चूड़ियां बता रहे थे संघर्ष की कहानी
कंचनावां गांव में दोहरे हत्याकांड की जानकारी होने पर इलाके में दहशत फैल गई। आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे। लोगों में चर्चा है कि जिस तरह वारदात को अंजाम दिया गया, उससे जाहिर है कि कत्ल में किसी करीबी का ही हाथ है। छानबीन में पता चला है कि रात में कुछ लोग राधा के घर पहुंचे। घर पर पहले चाऊमीन खाई और फिर चाय पी। इसके बाद किशोरी और उसकी मौसी की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस का दावा है कि परिचित लोग होने की वजह से ही महिला ने उन्हें अंदर आने दिया। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सुबूत जुटाए। तख्त पर रखा चाय का कप व प्लेट व गिलास सहित अन्य चीजों पर पड़े अंगुलियों के निशान लिए।
घटनास्थल पर कप-प्लेट व महिला की चूड़ियां टूटी हुईं पड़ीं थीं। इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्यारों से खूब संघर्ष हुआ होगा। वारदात को अंजाम देने में चार लोगों के शामिल होने की बात सामने आ रही है। पुलिस अफसरों के मुताबिक चाय के दो कप घर के बाहर पड़े मिले हैं। इसमें से एक टूट गया था। इससे संभावना जताई जा रही है कि चार लोगों में से दो लोग घर के बाहर थे, जबकि दो लोग घर के अंदर। चाय पीने के बाद किसी बात को लेकर विवाद हुआ और राधा के साथ हाथापाई हुई और फिर सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। यह भी कहा जा रहा है कि महिला के घर अक्सर कुछ लोगों का आना-जाना रहता था। मारने वाले वही लोग थे या फिर और कोई, इसकी भी जांच हो रही है।
बहन की बेटी को घर पर लाई थी राधा
राधा सिंह पति सूर्यभान और बेटी रश्मि और बेटे रोहित के साथ घर पर रहती थी। कुछ साल पहले राधा का पति सूर्यभान अचानक लापता हो गया था। बेटा रोहित लोडर चलाता था, जबकि बेटी रश्मि का तीन साल पहले कूढ़ा गांव में विवाह हो गया था। बेटा अक्सर घर से बाहर रहता था। घर पर राधा अक्सर अकेली ही रहती थी। इस वजह से उसने दो साल पहले बहन की लड़की श्रेजल को अपने पास बुला लिया था। उसने श्रेजल का गड़वा गांव के आरएल पब्लिक स्कूल में एडमीशन करा दिया था। श्रेजल कक्षा-नौ की छात्रा थी।
छह टीमें गठित, मोबाइल नंबर ट्रेस कर रही पुलिस
दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस की छह टीमें गठित की गईं हैं। सीओ सलोन, एसओजी टीम, डीह थानेदार के अलावा छह टीमें वारदात की बारीकी से जांच कर रही हैं। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि जिस समय वारदात हुई, उस समय आसपास किस-किस व्यक्ति का मोबाइल नंबर चल रहा था और क्या बात हो रही थी। पुलिस मृतका के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल भी खंगाल रही है।
करीबी घटना में शामिल, जल्द होगा खुलासा : आईजी
डबल मर्डर की जानकारी मिलते ही लखनऊ रेंज की आईजी लक्ष्मी सिंह सीधे घटनास्थल पहुंचीं। आईजी ने पीड़ित परिवार के साथ ही ग्रामीणों से घटना की बाबत जानकारी हासिल की। आईजी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमें लगा दी गईं हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि किसी करीबी ने ही वारदात को अंजाम दिया है। आरोपियों को पकड़कर जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।