रोजगार की संभावनाएं तलाशने के लिए स्टडी कराएं: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रोजगार की संभावनाओं को चिह्नित करने के लिए अध्ययन कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि एमएसएमई सेक्टर की इकाइयां औद्योगिक विकास की रीढ़ हैं। इनकी हर संभव सहायता की जाए। उद्यमों को पूरी सतर्कता और सावधानी बरतते हुए चलाया जाए। उन्होंने राजस्व वृद्धि से जुड़े प्रकरणों में तेजी से निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री बुधवार को अपने सरकारी आवास पर उच्च स्तरीय बैठक में लॉकडाउन व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने हॉटस्पॉट क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन कार्य को सघन बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में स्थापित क्वारंटीन सेंटर को क्रियाशील रखा जाए। नगर विकास, ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज विभाग समन्वय बनाकर विशेष स्वच्छता अभियान चलाएं। संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार का अभियान आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रवासी कामगारों और श्रमिकों को दुग्ध समितियों से जोड़ते हुए उन्हें आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाया जा सकता है। इसलिए प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में दुग्ध समितियों के गठन के गंभीर प्रयास किए जाएं। इनके माध्यम से ग्रामीण इलाकों में बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं।
एंबुलेंस ड्राइवरों और कर्मियों को दें ग्लव्स व मास्क
मुख्यमंत्री ने कहा कि एंबुलेंस के ड्राइवर सहित उनमें तैनात अन्य कर्मियों को ग्लव्स और मास्क अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराए जाएं। नॉन-कोविड अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाओं के संचालन के लिए डॉक्टरों सहित पूरी मेडिकल टीम को संक्रमण से बचाव का प्रशिक्षण दिया जाए। उन्हें पीपीई अनिवार्य रूप से दिए जाएं। अस्पतालों में मेडिकल इंफेक्शन से बचाव के प्रोटोकॉल का पालन कराया जाए।
‘आरोग्य सेतु’ और 'आयुष कवच' मोबाइल एप डाउनलोड करवाएं
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि केंद्र सरकार ने ‘आरोग्य सेतु’ और प्रदेश सरकार ने आयुष कवच कोविड मोबाइल एप लॉन्च किया है। इस एप में रोग प्रतिरोधक क्षमता वृद्धि के उपाय बताए गए हैं। आयुर्वेद व योग को अपनाकर बीमारी से बचाव के नुस्खे दिए गए हैं। इन्हें डाउनलोड कर अपने को सुरक्षित रखें। इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
ऑरेंज व ग्रीन जोन में खोलें स्टेशनरी की दुकानें
मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यायालय परिसरों को सैनिटाइज करते हुए वहां सुरक्षा के साथ ही थर्मल स्कैनर व सैनिटाइजर की व्यवस्था की जाए। ऑरेन्ज व ग्रीन जोन में स्टेशनरी की दुकानों को खोलने की अनुमति दी जाए। मंडियों में संक्रमण रोकने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का कड़ाई से पालन कराते हुए मास्क और ग्लव्स का प्रयोग अनिवार्य किया जाए।