साइकिल से छत्तीसगढ़ जा रहे दंपती की हादसे में मौत, अंतिम संस्कार के लिए चंदा कर जुटाए रुपये
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लॉकडाउन से परेशान होकर साइकिल से छत्तीसगढ़ स्थित घर जा रहे 45 वर्षीय मजदूर कृष्णा व उसकी पत्नी प्रमिला की बुधवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि साइकिल पर बैठे उनके तीन साल के बेटे निखिल और चार साल की बेटी चांदनी घायल हो गए। उन्हें लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डीसीपी सोमेंद्र वर्मा ने बताया कि हादसा सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में शहीद पथ पर हुआ। छत्तीसगढ़ निवासी कृष्णा यहां पत्नी और बच्चों के साथ जानकीपुरम में झोपड़पट्टी में रहकर मजदूरी करता था।
लॉकडाउन के डेढ़ महीने में रोजगार न मिलने और पत्नी-बच्चों को खाने के संकट से वह परेशान हो गया था। बुधवार को वह साइकिल पर पत्नी और बच्चों को बैठाकर घर के लिए निकल पड़ा।
शहीद पथ पर पहुंचते ही अज्ञात वाहन ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। चारों साइकिल समेत उछलकर सड़क पर गिरे। कृष्णा और प्रमिला को गंभीर चोटें आईं जबकि उनके दोनों बच्चे भी घायल हो गए।
अंतिम संस्कार के लिए चंदा करके जुटाए 15000 रुपये
राहगीरों से सूचना पाकर पुलिस पहुंची और सभी को अस्पताल ले गई। उपचार के दौरान कृष्णा और प्रमिला ने दम तोड़ दिया। बच्चों का उपचार किया जा रहा है। हादसे में दोनों की मौत की सूचना पाकर परिजन लखनऊ पहुंचे और शवों का अंतिम संस्कार कराया।
भाई राजकुमार ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान कोई काम न होने की वजह से कृष्णा के पास रुपये नहीं बचे थे। उसके अंतिम संस्कार के लिए भी पैसे नहीं थे। मजदूर साथियों से चंदा करके 15000 रुपये एकत्र किए गए। इसके बाद देर शाम गुलाला घाट पर दोनों शवों का अंतिम संस्कार किया गया।