भाई ने भगाई शादीशुदा लड़की तो भैय्या-भाभी ने लगा ली फांसी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के बहराइच जिले के नौसर गुमटिहा गांव निवासी एक युवक पड़ोसी गांव की विवाहिता को बहला फुसलाकर माह भर पूर्व भगा ले गया था। इस मामले में विवाहिता के परिवारीजनों ने युवक के भाई और रिश्तेदारों को नामजद करते हुए केस दर्ज कराया था।
युवक की बरामदगी के लिए पुलिस परिवार पर निरंतर दबाव बना रही थी। रात में ग्रामीण के बहनोई के घर पुलिस ने छापेमारी की। इसकी भनक लगने पर आरोपी के भाई और भाभी ने फांसी लगाकर जान दे दी। दो मासूम घर में सिर्फ बचे हैं। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची है। लेकिन पुलिस पति-पत्नी के विवाद की बात कहकर किनारा कस रही है।
मोतीपुर थाना अंतर्गत नौसर गुमटिहा सलारपुर गांव निवासी लक्ष्मीनरायन पड़ोसी गांव निवासी एक विवाहिता को माह भर पूर्व बहला फुसलाकर भगा ले गया था। इस मामले में विवाहिता के पिता ने लक्ष्मीनरायन के साथ उसके भाई सत्यनाम पुत्र मुन्नूराम, बहनोई जगदीश और राजेंद्र को नामजद करते हुए मोतीपुर थाने में केस दर्ज कराया था।
पुलिस विवाहिता की बरामदगी और युवक की गिरफ्तारी के लिए निरंतर दबिश दे रही थी। सत्यनाम (४०) पर भी दबाव डाला जा रहा था। लेकिन लक्ष्मीनरायन और युवती का अता पता न होने के चलते परिवार के लोग पुलिस को कुछ भी जानकारी नहीं दे पा रहे थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए सभी भागे-भागे फिर रहे थे।
दंपती की आत्महत्या से गांव में मचा हड़कंप
मंगलवार रात को मोतीपुर पुलिस ने सत्यनाम के बहनोई जगदीश के घर छापेमारी कर सत्यनाम पर दबाव बनाने के लिए बहनोई के भाई रामसूरत को घर से उठा लिया और थाने ले गई। इसकी भनक लगने पर सत्यनाम और उसकी पत्नी मौगी देवी (३८) परेशान हो उठे।
रात में ही मौगी ने घर में फांसी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर लिया। जबकि पति सत्यनाम ने घर से दो सौ मीटर दूर जाकर फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह आस पड़ोस के लोगों को दंपती के फांसी लगाने की सूचना मिली तो सभी सकते में आ गए।
आनन फानन में सीओ भरत यादव, मोतीपुर थानाध्यक्ष मोहम्मद यासीन मौके पर पहुंचे हैं। थानाध्यक्ष का कहना है कि ग्रामीणों से बातचीत के दौरान पता चला है कि रात में पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। उसी विवाद के बाद दोनों ने खाना नहीं खाया और फांसी लगाकर जान दे दी। थानाध्यक्ष ने उत्पीडऩ से इंकार किया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी भरत यादव का कहना है कि भाई द्वारा उठाए गए गलत कदम से सत्यनाम शायद आत्मग्लानि महसूस कर रहा था। उसी के चलते उसने पत्नी के साथ फांसी लगाकर जान दे दी है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। दोनों लाशों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।