बाराबंकी के एसपी पर थाना बेचने का आरोप, वीडियो वायरल होने से लखनऊ तक हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री से लेकर डीजीपी तक भले ही भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की बात कर रहे हों लेकिन हकीकत इससे जुदा नजर आ रही है। राजधानी लखनऊ से सटे बाराबंकी जिले के पुलिस कप्तान पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा है। एसपी की पोल खोलता बाराबंकी के सिपाही का वीडियो वायरल हो रहा है।
इस वीडियो में सिपाही बाराबंकी के थानों का रेट बता रहा है। साथ में ये भी कह रहा है कि अगर पुलिस पैसे नहीं लेगी तो एसपी को पैसा कहां से देंगे। जो इंस्पेक्टर छह-छह लाख रुपये देकर चार्ज ले रहे हैं वह जनता से ही पैसे वसूलेंगे। जिले में जैसा पैसा दिया जा रहा है, उसी हिसाब से थाने मिल रहे हैं। यह वीडियो बाराबंकी में पुलिस लाइन के गेट पर खड़े होकर बनाया गया है। हालांकि एसपी अनिल कुमार सिंह ने इन आरोपों का खंडन किया है और ऐसे किसी वीडियो की जानकारी से भी इंकार किया है।
लखनऊ पहुंचा वायरल वीडियो, मचा हड़कंप
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो लखनऊ में अधिकारियों तक भी पहुंच चुका है, लेकिन कोई अधिकारी इस बाबत बोलने से इंकार कर रहा है। वहीं, सूत्रों का कहना है कि, एसपी बाराबंकी के बारे में इससे पहले भी शासन और प्रशासन स्तर पर शिकायत मिलती रही है। मगर एक मंत्री के रिश्तेदार होने के कारण उनको हटाने की हिम्मत अधिकारियों में नहीं हो रही है।
मुझे बदनाम करने की हो रही है साजिश : एसपी
एसपी अनिल कुमार सिंह का कहना है कि, सिपाही को शिकायत मिलने पर दो माह पहले लाइन हाजिर किया गया था। दुर्भावना से साजिश के तहत वीडियो बनाया गया है। वीडियो में पैसे के लेनदेन की बात साफ नहीं है। जिस थानाध्यक्ष की बात कही जा रही है वह खुद सच्चाई बताएगा। वीडियो को जांच के लिए भेजकर जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मामले पर डीजीपी उत्तर प्रदेश ओम प्रकाश सिंह का कहना है कि जो भी वीडियो वायरल हो रहा है उसकी सत्यता की जांच की जाएगी। यह भी पता किया जाएगा कि वीडियो कब का है? सिपाही जो आरोप लगा रहा है उसमें क्या सच्चाई है। इसके बाद आरोप सही पाए गए तो निश्चित रूप से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।