{"_id":"5ec4ac318ebc3e902f36d4a4","slug":"coronavirus-in-up-latest-update-in-hindi-new-cases-found-lockdown-4-0","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपी में कोरोना LIVE: बाराबंकी में कोरोना विस्फोट, एक दिन में मिले 95 नए मामले, प्रदेश में अब 5220 संक्रमित","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी में कोरोना LIVE: बाराबंकी में कोरोना विस्फोट, एक दिन में मिले 95 नए मामले, प्रदेश में अब 5220 संक्रमित
Thu, 21 May 2020 12:42 AM IST
शाहरुख खान
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
Published by: शाहरुख खान
Updated Thu, 21 May 2020 12:42 AM IST
सार
उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। संतकबीरनगर में छह, गोरखपुर में छह, पीलीभीत में चार, बागपत में एक, सहारनपुर में एक, हरदोई में एक नया केस मिला है जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 5220 हो गई है। बाराबंकी में कोरोना व्स्फोट हुआ है। वहां एक दिन में 95 केस सामने आए हैं। प्रदेश में अब तक 127 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां पढ़ें यूपी में कोरोना वायरस से जुड़ा हर अपडेट...
विज्ञापन
यूपी में कोरोना
- फोटो : PTI
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रदेश में अब 5220 संक्रमित, बाराबंकी में फूटा कोरोना बम
विज्ञापन
राजधानी से सटे बाराबंकी जिले में बुधवार को 95 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इन संक्रमितों में अधिकांश प्रवासी श्रमिक बताए गए हैं। बीते 24 घंटों में प्रदेश भर में ऐसे 200 मामले आए हैं। प्रदेश में बुधवार को कुल 294 नए मामले सामने आए जिससे अब तक मिले संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5220 हो गई। लखनऊ में एक संक्रमित के साथ प्रदेश में तीन अन्य की मौत भी हो गई। इसमें मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 127 हो गया।
मेरठ में मिले तीन कोरोना पॉजिटिव
मेरठ में बुधवार को कोरोना के तीन नए मरीज मिले हैं। अब जिले में मरीजों की संख्या 348 हो गई है। केसरगंज मंडी व अतराडा नए हॉटस्पॉट घोषित किए गए हैं। अब हॉटस्पॉट की संख्या 51 हो गई हैं।
विज्ञापन
बदायूं जिला अस्पताल से भागा कोरोना संदिग्ध, तलाश में जुटी पुलिस
बदायूं जिला अस्पताल में भर्ती एक कोरोना संदिग्ध मरीज बुधवार शाम स्वास्थ्य कर्मियों को चकमा देकर भाग गया। जिससे अस्पताल के स्टाफ में हड़कंप मच गया। विभागीय अधिकारियों ने कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दे दी है। जिस पर पुलिस ने संदिग्ध मरीज की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन
आगरा में मिले आठ और मिले संक्रमित, जिले में कुल मरीज हुए 831
आगरा में बुधवार को आठ और कोरोना संक्रमित मिलने हैं। अब जिले में मरीजों की संख्या 831 हो गई है। इनमें 80 फीसदी मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं। बुधवार को 20 और मरीज डिस्चार्ज होने से अब स्वस्थ्य होने वालों की संख्या 660 हो गई। डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया 143 संक्रमितों का उपचार चल रहा है। 23 हॉटस्पॉट में कोई नया मरीज नहीं मिलने के बाद अब इन्हें बंद कर दिया है। फिलहाल जिले में 19 हॉटस्पॉट एक्टिव हैं।
मुजफ्फरनगर में मिले चार कोरोना संक्रमित
मुजफ्फरनगर जनपद में चार और कोरोना पॉजिटिव प्रवासी श्रमिक मिले हैं। जनपद में कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या अब नौ हो गई है। इनमें से आठ प्रवासी मजदूर हैं। सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार चोपड़ा ने बताया कि चार में से तीन मजदूर बुढाना और एक चरथावल के क्वारंटीन केंद्र में भर्ती है। चारों मजदूर महाराष्ट्र से आए थे। जनपद में कोरोना मरीजों की संख्या 33 हो गई है जिनमें से 24 ठीक हो चुके हैं।
रामपुर में बुधवार को 10 कोरोना संक्रमित मिले
रामपुर में कोरोना संक्रमितों के आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। बुधवार को अब तक प्राप्त रिपोर्ट में 10 लोगों में संक्रमण की पुष्टि की गई है। ये सभी अन्य राज्यों से आए हुए हैं। जिले में अब तक कुल 94 कोरोना केस सामने आ चुके हैं, जिनमें से 71 सक्रिय हैं।
गोरखपुर में कोरोना संक्रमित की मौत
गोरखपुर में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। यहां बुधवार को एक 35 साल के कोरोना संक्रमित युवक की मौत हो गई। गोरखपुर में मरने वालों की कुल संख्या चार हो गई है। इसकी पुष्टि बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गणेश कुमार ने की है।
मऊ में मिले 9 कोरोना वायरस के मरीज
मऊ जिले में बुधवार को नौ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित मिले हैं। सीएमओ डॉ. सतीश चंद्र ने इसकी पुष्टि की है। जिले में अब तक कोरोना के 13 मामले सामने आ चुके हैं। इसमें एक मरीज ठीक हो चुका है। आज मिले कोरोना मरीजों में सभी प्रवासी हैं।
कानपुर में एक गर्भवती में कोरोना की पुष्टि
कानपुर में बुधवार को एक गर्भवती महिला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। लाटूश रोड निवासी महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही कानपुर में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 317 हो गई है। बताते चलें कि कानपुर में कोरोना से नौ लोगों की मौत हो चुकी है।
कन्नौज में कोरोना का एक और मरीज बढ़ा
यूपी में कन्नौज जिले में एक और कोरोना पॉजिटिव केस सामने आया है। कोरोना पॉजिटिव युवक ठठिया के थरियांव गांव निवासी है। वह 17 मई को मुंबई से लौटा था। कन्नौज जिले में कुल 26 कोरोना पॉजिटिव सामने आ चुके हैं। जिसमें 19 एक्टिव केस हैं, जबकि सात ठीक होकर घर जा चुके हैं।
संतकबीरनगर में मिले छह कोरोना पॉजिटिव
उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर में बुधवार को छह लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इनमें से छह मुंबई से आए प्रवासी और एक बखिरा क्षेत्र का रहने वाला युवक शामिल है। जिले में अब कुल संक्रमितों की संख्या 46 हो गई है। इसकी पुष्टि जिलाधिकारी रविश गुप्त ने की हैं।
देवबंद में कोरोना का एक और मामला सामने आया
सहारनपुर के देवबंद में कोरोना का एक और पॉजिटिव केस सामने आया है। जिसके बाद जिले में पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 205 हो गई है। इससे पहले बीती रात मुरादाबाद में तैनात एक डॉक्टर देवबंद लौटा था। जिसकी रिपोर्ट मुरादाबाद में पॉजिटिव आई है।
मेरठ में एक दिन एक बाजार खोलने की तैयारी
मेरठ शहर में अब एक बाजार को एक दिन खोला जाएगा। मवाना और सरधना में प्रयोग सफल होने के बाद शहरी क्षेत्र में यह नीति लागू होगी। जिला प्रशासन ने इसका खाका तैयार कर सूची शासन को भेज दी है। शासन की तरफ से मंजूरी मिलने पर इसे जल्द ही लागू कर दिया जाएगा। हालांकि हॉटस्पॉट एरिया में इसकी छूट नहीं होगी।
बागपत में सब्जी व्यापारी में कोरोना की पुष्टि
बागपत के बड़ौत में सब्जी व्यापारी में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद खलबली मच गई है। सीएमओ डॉ. आरके टंडन ने बताया कि जिले में रैंडम जांच सैंपल लिए गए थे। जिनकी जांच रिपोर्ट में बुधवार को सब्जी व्यापारी संक्रमित पाया गया है।
उत्तर प्रदेश स्टार्टअप फंड' का शुभारंभ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'उत्तर प्रदेश स्टार्टअप फंड' का शुभारंभ किया और भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (SIDBI) को 15 करोड़ की प्रथम किस्त सौंपी।
हरदोई में कोरोना का एक और मरीज बढ़ा
यूपी के हरदोई जिले में बुधवार को कोरोना का एक और मरीज मिला है। अतरौली थाना क्षेत्र के भरावन निवासी युवक की जांच के लिए नमूना 18 मई को लखनऊ मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। हरदोई जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। इनमें से दो स्वस्थ हो चुके हैं। हरदोई में 17 एक्टिव केस हैं।
गोरखपुर में छह लोगों में कोरोना की पुष्टि
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहां बुधवार को आई रिपोर्ट में छह नए कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या 28 हो गई है। जिसमें से तीन की मौत हो चुकी है। वहीं तीन ठीक होकर घर जा चुके हैं।
पीलीभीत में चार नए संक्रमित मिले
पीलीभीत में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। जिले में 4 और नए मरीज मिले हैं। दिल्ली, मुंबई और हरियाणा से आए चार लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। अब जिले में संक्रमितों की संख्या 24 पहुंच गई है।
बस्ती में कोरोना विस्फोट, प्रदेश में मिले रिकॉर्ड 323 मरीज
प्रवासी कामगारों के घर वापसी के साथ ही उतर प्रदेश में कोविड-19 पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढने लगी है। मंगलवार को रिकॉर्ड 323 मरीज सामने आए थे। बस्ती में सबसे ज्यादा 50, नोएडा में 31 और अलीगढ़ में 21 मरीज मिले थे। प्रदेश में मंगलवार तक कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 4926 हो गई थी। इनमें से 1885 एक्टिव केस हैं। 135 को डिस्चार्ज किया जा चुका है और कुल 123 की मौत हो चुकी थी।