यूपी के भाजपा अध्यक्ष बोले, 'उलेमाओं से बू आती है'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नगर विकास मंत्री आजम खां के बयान, योग से नहीं योगी से बू आती है पर पलटवार करते हुए मंगलवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने विवादित बयान दिया।
उन्होंने आजम के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुझे उलेमाओं से बू आती है। हालांकि विवाद बढ़ते देख उन्होंने सफाई दी कि उनका बयान प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खां को लेकर था न कि किसी मुस्लिम धर्मगुरु को लेकर।
गौरतलब है कि भाजपा अध्यक्ष के इस बयान को देवबंदी उलेमा ने उनका पागलपन करार दिया। दारुल उलूम वक्फ के वरिष्ठ मुफ्ती मौलाना मुफ्ती आरिफ कासमी ने कहा कि भाजपा आरएसएस के इशारों पर नाचती है।
उन्होंने कहा कि आजम खां, लक्ष्मीकांत वाजपेयी और साक्षी महाराज जैसे लोगों के बयान की कोई अहमियत नहीं रखते। यह उनका पागलपन है। मुफ्ती आरिफ ने कहा कि ऐसे नेताओं को सख्त सजा दी जाए जो अमन और प्यार की जगह नफरत की बातें करते हैं।
अल कुरान फाउंडेशन के अध्यक्ष मौलाना नदीमुल वाजदी ने कहा कि बयानबाजी एक-दूसरे पर छींटाकशी है। ‘उलेमा से बू आती है’ बयान पर वाजदी ने कहा कि यह हिंदू और मुस्लिम के बीच में नफरत फैलाने का काम है। नेताओं को ऐसी बयानबाजी से बचना चाहिए।
अपने-अपने क्षेत्र में योग करेंगे भाजपा सांसद
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भाजपा के सभी सांसद अपने-अपने क्षेत्रों में योग करेंगे। राजधानी में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के साथ प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी भी योग करेंगे। प्रदेश प्रभारी ओम माथुर एवं केंद्रीय मंत्री रामशंकर कठेरिया आगरा में, रक्षा मंत्री मनोहर परिकर मेरठ में और केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र वाराणसी में योग करेंगे।
झांसी में केंद्रीय मंत्री उमा भारती, गोरखपुर में महंत आदित्यनाथ, देवरिया में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सूर्यप्रताप शाही, फैजाबाद में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विनय कटियार, अमेठी में पूर्व प्र्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमापतिराम त्रिपाठी और हरदोई में विधान परिषद में दल के नेता हृदय नारायण दीक्षित योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
उन्नाव में शिव प्रताप शुक्ल व विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, सीतापुर में हरद्वार दुबे, श्रावस्ती में विजय बहादुर पाठक, रायबरेली में वीरेंद्र तिवारी, अंबेडकरनगर में अनिल तिवारी, बाराबंकी में अनूप गुप्त, बहराइच में दयाशंकर सिंह, बलरामपुर में सुभाष त्रिपाठी, गोंडा में परशुराम कुशवाहा, सुल्तानपुर में गोविंद नारायण शुक्ला एवं लखीमपुर में अनुपमा जायसवाल योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
गाजीपुर में मनोज सिन्हा, बरेली में संतोष गंगवार व प्रदेश कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, नोएडा में डॉ. महेश शर्मा, गाजियाबाद में वीके सिंह, मुजफ्फरनगर में संजीव बालियान, शाहजहांपुर में विधान मंडल दल के नेता सुरेश खन्ना, फतेहपुर में साध्वी निरंजन, हमीरपुर में स्वतंत्रदेव सिंह और कानपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रकाश शर्मा हिस्सा लेंगे।
भाजपा का सुनियोजित षड्यंत्र है योग
बदायूं से सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि योग भारत की आदिकाल से चली आ रही प्राचीन विधा है लेकिन भाजपा इस पर अपनी मुहर लगाना चाहती है। कभी प्रधानमंत्री झाड़ू लेकर घूमते हैं तो कभी योग पर विवाद खड़ा कर देते हैं।
यह मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का सुनियोजित षड्यंत्र है। इंडियन ग्रामीण क्रिकेट लीग का उद्घाटन करने झांसी आए सपा सांसद सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात कर रहे थे।