यूपी में 15 अप्रैल से शुरू होंगे निर्माण कार्य: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश में बरसात से पहले जिन निर्माण कार्यों को कराना जरूरी है, वे 15 अप्रैल से शुरू होंगे। मगर, कोरोना के हॉटस्पॉट वाले क्षेत्रों में फिलहाल कोई निर्माण कार्य नहीं कराया जाएगा। पीडब्ल्यूडी कार्यालय में सोमवार को यह जानकारी निर्माण कार्यों के संबंध में गठित समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दी।
उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान श्रमिकों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखने के साथ ही समय-समय पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण करवाया जाए। वहीं, निर्माण कार्य कराने वाले विभाग एक नोडल अधिकारी बनाएंगे। हर दिन के काम की रिपोर्ट भी देनी होगी।
मौर्य ने कहा कि निर्माण स्थलों पर ही मजदूरों के रहने-खाने की व्यवस्था कराई जाए। यह ध्यान रखा जाए कि कोई श्रमिक पान मसाला का प्रयोग न करे। इसके अतिरिक्त कोरोना ड्यूटी में लगे कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों व कर्मचारियों को वहां से न हटाया जाए।
उन्होंने गाड़ियों की मरम्मत के लिए सीमित संख्या में वर्कशाप खोलने के लिए जिलाधिकारियों को एडवाइजरी जारी करने के निर्देश दिए। साइट पर काम करने वाले लोगों का पंजीकरण और बीमा कराया जाए। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में नालों की सफाई कराने को भी कहा। मौर्य ने पीडब्ल्यूडी की सड़कों को गड्ढामुक्त करने, सड़कों के निर्माण, सेतु निगम व राजकीय निर्माण निगम की परियोजनाओं पर कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
एक्सप्रेस-वे और कानपुर मेट्रो के काम शुरू होंगे
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के स्ट्रक्चर कार्य के साथ ही कानपुर मेट्रो के कार्य व आवास विभाग के बड़े प्रोजेक्ट कराने को सहमति दी गई। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश राज्य मार्ग प्राधिकरण के मरम्मत कार्यों को भी सोशल डिस्टेंसिंग बनाते हुए कराने की मंजूरी दी गई।
नहरों की सफाई, पेयजल के कार्यों को अनुमति
सिंचाई विभाग के काम नहरों की सफाई, तटबंधों व ट्यूबवेल की मरम्मत, संभावित बाढ़ के मद्देनजर गेटों की मरम्मत, चेक डैम, तालाबों की खुदाई, पेयजल की बड़ी स्कीमें व अटल भूजल योजना के कार्यों को बरसात के पहले पूरा कराने की सहमति भी दी गई।