सिपाही भर्ती परीक्षा पहला दिन: एसटीएफ ने दबोचे दर्जनों सॉल्वर गैंग, 122 गिरफ्तार, बरामद हुए लाखों रुपये
Constable recruitment exam first day:यूपी सिपाही भर्ती परीक्षा के पहले दिन यूपी पुलिस और एसटीएफ सक्रिय दिखी। पुलिस ने कई दर्जनों सॉल्वर गैंगों को दबोचा। रविवार को दो पालियों में फिर से परीक्षा होनी है।
विस्तार
उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 60,244 पदों पर सिपाही भर्ती की दो दिवसीय लिखित परीक्षा शनिवार को 2378 केंद्रों पर संपन्न हुई। परीक्षा के पहले दिन यूपी एसटीएफ व पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में विभिन्न जिलों से सेंधमारी की कोशिश में 122 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
परीक्षा को लेकर पहले से मुस्तैद सुरक्षा एजेंसियों ने बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भी 26 नकल माफिया को गिरफ्तार किया था। इस प्रकार अब तक 148 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। प्रदेश भर में 90 फीसदी से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की बात कही जा रही है।पुलिस ने बताया कि नकल की कोशिश में लगे लोगों के पास से पास से भारी संख्या में नकल सामग्री, माइक्रोफोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, कूट रचित मुहर, फर्जी एडमिट कार्ड, विभिन्न बैंकों के चेक, शैक्षिक प्रमाणपत्र, मोबाइल फोन, फर्जी आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर कार्ड, पैन कार्ड एटीएम कार्ड आदि बरामद किया गया है। लाखों की नकदी भी जब्त की गई है। यह राशि अभ्यर्थियों से नकल कराने के एवज में वसूली गई थी।
नकल कराने वालों पर करें कड़ी कार्रवाईः प्रशांत कुमार
पुलिस भर्ती परीक्षा शुरू होने पहले ही शनिवार को पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार राजधानी के कई परीक्षा केन्द्रों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात मातहतों को नकल माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और शुचितापूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए पूरी व्यवस्था की गई है और सॉल्वर गैंग की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। जो लोग अभ्यर्थियों को भ्रमित करके परीक्षा की शुचिता को प्रभावित करने का प्रयास करेंगे, उनके खिलाफ सख्ती की जाएगी। डीजीपी ने सोशल मीडिया पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।