यूपी में अकेले चुनाव लड़ेगी कांग्रेस, 30 से ज्यादा नेताओं को दिए बूथ मजबूत करने के निर्देश
यूपी में महागठबंधन पर छाई धुंध के मद्देनजर कांग्रेस हाईकमान ने भी 30 से ज्यादा नेताओं को चुनावी समर की तैयारी शुरू करने के संकेत दे दिए हैं। इनसे कहा गया है कि वे बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने में जुट जाएं।
पार्टी के उच्चपदस्थ सूत्रों के मुताबिक, फैजाबाद से निर्मल खत्री, बांदा से नसीमुद्दीन सिद्दीकी, कुशीनगर से अजय कुमार लल्लू और धौरहरा से जितिन प्रसाद को लड़ाने की तैयारी है।
कांग्रेस हाईकमान ने फैसला किया है कि फिलहाल तैयारी इस तरह की जाए कि सपा और बसपा से तालमेल न होने की स्थिति में भी पार्टी दमदारी से लड़ते हुए दिखे, क्योंकि राष्ट्रीय स्तर पर यूपी की जनता सपा-बसपा के बजाय कांग्रेस को ही भाजपा के विकल्प के तौर पर देखती है। राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के नतीजों के बाद कांग्रेस के प्रति उसका विश्वास भी बढ़ा है।
अमेठी व रायबरेली के अलावा इन सीटों पर भी उम्मीदवार लगभग तय
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, रायबरेली और अमेठी सीट पर सोनिया गांधी और राहुल गांधी का उतरना तय है। सुल्तानपुर से डॉ. संजय सिंह, इलाहाबाद से प्रमोद तिवारी, प्रतापगढ़ से राजकुमारी रत्ना सिंह, बाराबंकी से तनुज पुनिया, उन्नाव से अनु टंडन, कानपुर से श्रीप्रकाश जायसवाल, अकबरपुर से राजाराम, आगरा से राज बब्बर, मुरादाबाद से बेगम नूर बानो, बरेली से प्रवीण सिंह ऐरन, वाराणसी से अजय राजय, पडरौना से आरपीएन सिंह, भदोही से राजेश मिश्रा, मिर्जापुर से ललितेश त्रिपाठी, झांसी से प्रदीप जैन, फतेहपुर से अभिमन्यु सिंह, सहारनपुर से इमरान मसूद, देवरिया से अखिलेश प्रताप सिंह, बस्ती से केशव चंद, फर्रुखाबाद से सलमान खुर्शीद, फूलपुर से एएन सिंह और इटावा से अशोक सिंह समेत 30 से ज्यादा नेताओं को तैयारियों में जुटने को कहा गया है। इनमें से कई नेता दिल्ली जाकर कांग्रेस कार्यालय पर प्रमुख नेताओं से संपर्क भी कर चुके हैं।
सपा-बसपा से न किया जाए गठजोड़
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सिराज मेंहदी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से अनुरोध किया है कि पूरे देश में महागठबंधन बनना चाहिए, लेकिन यूपी में सपा और बसपा से कोई समझौता न किया जाए। यूपी में छोटे दलों को साथ लेकर चुनाव लड़ा जाए।