कांग्रेस का सवाल: कल तक मंच पर थे अजय मिश्र टेनी, अब फोटो से भी गायब, क्या हार से नरेंद्र मोदी डर गए हैं?
उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने एक ट्वीट करते हुए गृह राज्यमंत्री अजय कुमार मिश्र उर्फ टेनी पर हमला और प्रधानमंत्री मोदी से सवाल किया है।
विस्तार
लखीमपुर हिंसा मामले के बाद से कांग्रेस गृह राज्यमंत्री अजय कुमार मिश्र उर्फ टेनी पर लगातार हमले कर रही है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने एक ट्वीट करते हुए प्रधानमंत्री मोदी पर हमला किया है। एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा-' अजय मिश्रा टेनी जो कल तक मंच पर थे, अब फोटो से भी गायब हो चुके हैं। क्या सामने दिख रही हार से नरेंद्र मोदी डर गए हैं?'
लखनऊ में रविवार को डीजीपी सम्मेलन के समापन के मौके पर अजय कुमार मिश्र उर्फ टेनी नजर नहीं आए। सूत्रों के अनुसार मिश्रा शनिवार को भी कुछ क्षणों के लिए ही सम्मेलन में शामिल हुए थे। उसके बाद से नजर नहीं आए। यहां तक कि प्रधानमंत्री के साथ हुए फोटो सेशन में भी मौजूद नहीं थे। जबकि गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय और निशिथ प्रमाणिक मौजूद थे। लखीमपुर हिंसा में बेटे की गाड़ी से किसानों के कुचले जाने के बाद से ही वे विवादों में हैं।
अजय मिश्रा टेनी जो कल तक मंच पर थे, अब फ़ोटो से गायब हो चुके हैं।
— UP Congress (@INCUttarPradesh) November 21, 2021
क्या सामने दिख रही हार से नरेंद्र मोदी डर गए हैं? pic.twitter.com/WD0SXmPtYL
किसानों के विरोध की आशंका में टला टेनी का कार्यक्रम, छप चुके थे कार्ड
लखनऊ में हुई किसान महापंचायत में भाकियू की तरफ से अजय कुमार मिश्र उर्फ टेनी के विरोध के एलान के बाद टेनी का सहकारी चीनी मिलों में पेराई सत्र का उद्घाटन अब निरस्त हो गया। विरोध प्रदर्शन के एलान के बाद बुधवार को होने वाले कार्यक्रम से एक दिन पहले मिल प्रबंधन ने नया कार्ड जारी किया, जिसमें सिर्फ डीएम उद्घाटन करेंगे। जबकि, इससे पहले टेनी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थे। वहीं, सांसद प्रतिनिधि ने बताया कि टेनी का रांची में कार्यक्रम है। इसलिए वह खीरी में मौजूद नहीं रहेंगे।