सामाजिक सम्मेलन: मुख्यमंत्री योगी बोले, तालिबानियों का समर्थन आधी आबादी और बच्चों का अपमान है
मुख्यमंत्री ने कहा कि बर्बर जातियों ने हमलाकर हमारी संपदा को तोड़ा, लूटा और बर्बाद किया। लेकिन इतिहासकारों ने अशोक और चंद्रगुप्त को महान नहीं बताया। सिंकदर जो चद्रगुप्त से हारा था, उसे महान बता दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विपक्षी दलों के नेताओं ने तालिबानी कट्टरपंथियों का समर्थन कर देश की आधी आबादी और बच्चों का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल देश देश को एकता के सूत्र में पिरोने वाले राष्ट्रनायक हैं जबकि मोहम्मद अली जिन्ना देश को तोड़ने वाले हैं। विपक्षी दल जिन्ना की तारीफ कर सरदार पटेल का अपमान कर रहे हैं।
अटल कंवेंशन सेंटर में रविवार को आयोजित भाजपा के सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन मे मौर्य, शाक्य, सैनी समाज के लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तालिबानियों ने अफगानिस्तान में शांति, मैत्री और करुणा के प्रतीक भगवान बुद्ध की ढाई हजार वर्ष पुरानी मूर्ति को तोड़ डाला।
उन्होंने कहा कि अमेरिका ने तालिबानियों पर द्रोण से हमले कर उनकी चमड़ी में बारूद भर दिया। उन्होंने कहा कि हमारे देश में विपक्षी दलों के जो लोग तालिबान का समर्थन कर रहे हैं वह बुद्ध और देश के विरोधी हैं। उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश में महात्मा बुद्ध से जुड़े सबसे ज्यादा स्थान हैं उनका विकास और विस्तार किया जा रहा है। महात्मा बुद्ध के नाम से अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जिन्ना की तुलना सरदार पटेल से कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सोचकर ही मन कांप जाता है कि यदि सरदार पटेल नहीं होते तो भारत की स्थिति क्या होती।
भारत का शौर्य चंद्रगुप्त मौर्य थे
मुख्यमत्री ने कहा कि भारत की आन, बान शान के प्रतीक तिरंगे झंडे में जो मणि है वह धर्मचक्र है। धर्मचक्र प्रवर्तनाय की प्रेरणा कौन देता है ,उसका नाम अशोक है। उन्होंने कहा कि भारत का शौर्य चद्रगुप्त मौर्य थे।
अशोक और चंद्रगुप्त को महान नहीं बताया, सिंकदर जो चद्रगुप्त से हारा था, उसे महान बता दिया
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सीमाएं पाकिस्तान, बांग्लादेश और इससे भी विस्तृत भूभाग भारत का हिस्सा था। लेकिन समय के अनुरूप हम अपनी एकता को बनाए नहीं रख पाए। उन्होंने कहा कि बर्बर जातियों ने हमलाकर हमारी संपदा को तोड़ा, लूटा और बर्बाद किया। लेकिन इतिहासकारों ने अशोक और चंद्रगुप्त को महान नहीं बताया। सिंकदर जो चद्रगुप्त से हारा था, उसे महान बता दिया। उन्होंने कहा कि अब जरूरत है कि अपनी मूल्यों को समझें।
प्रदेश में जहर घोलने आ गए है वामपंथी अलगाववादी ; स्वतंत्र देव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले वापमंथी विचारधारा के सभी अलगाववादियों ने प्रदेश में डेरा डाल लिया है। वह प्रदेश में क्षेत्रवाद, जातिवाद व साम्प्रदायिकता का जहर घोलने के लिए आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि वह प्रदेश की जनता को गुमराह करने के लिए हथकंडे अपना रहे हैं। ये विघटनकारी शक्तियां देश, देशभक्तों तथा भारतीय संस्कृति तथा संस्कारों को अपमानित करने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के भविष्य और खुशहाली के लिए इन तत्वों से डटकर मुकाबला करना है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार सुरक्षा की गारंटी है। आज किसी की हिम्मत नहीं जो किसी के प्लाट या मकान पर कब्जा कर ले या बहन बेटी की तरफ आंख उठाकर देख ले।
रोजा इफ्तार करने वाले जनेऊ दिखाने का ढोंग कर रहे है : केशव
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा में अनंत संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को बयानवीरों से सावधान रहना होगा, विपक्षी नेताओं की उनकी जमीन खिसक चुकी है। उन्होंने कहा कि रोजा इफ्तार करने वाले जनेऊ दिखाने का ढोंग कर रहे हैं। कहा कि मैं समाज का कभी शीश झुकने नहीं दूंगा। समाज का हमेशा भला करने का प्रयास करता रहूंगा। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा-कांग्रेस की तिकड़ी को जनता ने पूरी तरह से नकार दिया है और जनता जनता भाजपा के साथ है जबकि विपक्षी दलों के साथ अपराधी और गुंडे हैं।
संघमित्रा को रोकने पर नाराज हुए समर्थक
बदायूं की भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्य को भाषण के दौरान रोकने पर उनके समर्थकों ने नाराज होकर हंगामा शुरू कर दिया। हुआ यूं कि संघमित्रा ने भाषण के दौरान बसपा की संगठनात्मक व्यवस्था से जुड़े कुछ शब्दों का उपयोग किया। सम्मेलन में इसको लेकर खुसर पुसर शुरू होने के बाद मंचासीन पदाधिकारियों ने पर्ची लिखकर संघमित्रा को भाषण समाप्त कर बैठने को कहा। पर्ची मिलने पर संघमित्रा भाषण समाप्त कर बैठ गई तो उनके समर्थक नाराज हो गए।