राज्यसभा चुनाव: सभी प्रत्याशियों का निर्विरोध चुना जाना तय
राज्यसभा चुनाव के लिए बतौर निर्दलीय प्रत्याशी नामांकन करने वाले कमर अहमद का पर्चा मंगलवार को जांच में खारिज कर दिया गया। अब इस चुनाव के लिए 10 सीटों पर सिर्फ 10 प्रत्याशी ही बचे हैं। ऐसे में इन सबका निर्विरोध चुना जाना तय है।
हालांकि इसकी औपचारिक घोषणा नाम वापसी के अंतिम दिन 13 नवंबर को ही होगी। कमर का पर्चा निर्धारित पारूप पर न होने, ठीक से न भरा होने और प्रस्तावकों में किसी विधायक का नाम न होने के कारण खारिज किया गया है।
राज्यसभा चुनाव के लिए सपा से प्रो. रामगोपाल यादव, तजीन फातिमा, रविप्रताप वर्मा, चंद्रपाल सिंह, जावेद अली, नीरज शेखर, बसपा से वीर सिंह और राजाराम, भाजपा से रक्षा मंत्री मनोहर परिकर व कांग्रेस से पीएल पुनिया के अलावा निर्दल कमर अहमद ने भी नामांकन कर दिया था।
पुनिया के चुनाव एजेंट ने की थी आपत्ति
कांग्रेस प्रत्याशी पीएल पुनिया के चुनाव एजेंट प्रमोद तिवारी ने कमर के नामांकन पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने तर्क दिया था कि राज्यसभा चुनाव की उम्मीदवारी के लिए विधायकों का प्रस्तावक होना जरूरी है जबकि कमर अहमद ने सामान्य मतदाताओं को प्रस्तावक बना लिया है। अन्य प्रत्याशियों की तरफ से भी आपत्ति की गई थी।
विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे ने बताया कि कमर अहमद का नामांकन पत्र निर्धारित प्रारूप के अनुसार नहीं था। साथ ही प्रस्तावकों में किसी विधायक का नाम नहीं था। नियमत: यह गलत है। इसलिए जांच में उनका नामांकन पत्र रद्द कर दिया गया।