बाल संसद में बच्चों से रूबरू हुए 'अखिलेश सर'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधानसभा में विपक्ष के तीखे सवालों का सामना करने वाले मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शुक्रवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए चुनिंदा बच्चों के कुछ जोरदार सवालों का सामना करना पड़ा।
बच्चों ने विकास से जुड़े मुद्दों के साथ कई बुनियादी प्रश्न भी उठाए और कुछ सार्थक सुझाव भी आए। मुख्यमंत्री ने अच्छे सवालों के लिए बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उनकी कई मांगों पर काम करने का भरोसा दिलाया और लगे हाथ कुछ कई घोषणाएं भी कर दीं।
मौका था विधानभवन के राजश्री पुरुषोत्तम दास टंडन हॉल में बाल अधिकार संरक्षण आयोग व सेव द चिल्ड्रेन संस्थान की पहल पर बुलाई गई बाल संसद का। आयोजन में मुख्यमंत्री के साथ विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय, सांसद डिम्पल यादव व नगर विकास मंत्री आजम खां भी मौजूद थे। कुछ बच्चों ने संक्षेप में अपनी बात रखी और बाद में मुख्यमंत्री व अन्य लोगों से सवाल किए।
एक बच्चे ने पूछा कि हम कब तक रोजगार के लिए पंजाब और दूसरे प्रांतों में जाते रहेंगे। वाराणसी से आई एक बच्ची ने कहा कि 1090 डायल करने के बावजूद उन्हें गांव के दबंगों की छेड़छाड़ से मुक्ति नहीं मिली। अलीगढ़ की एक बच्ची ने सवाल दागा कि तरक्की आखिर है क्या?
मुख्यमंत्री अखिलेश ने इस तरह दिए सवालों के जवाब
सीएम अखिलेश ने बच्चों से कहा कि उन्होंने जो सवाल उठाए हैं, उन्हीं का समाधान विधानसभा में ढूंढा जाता है। एक बच्चे के सुझाव को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने दसवीं कक्षा के बाद कॅरिअर काउंसलिंग की व्यवस्था कराने का भरोसा दिलाया।
कहा, असल समस्या जानकारी न होने से आती है। सीएम ने बच्चों से कहा कि वे नई पीढ़ी के हैं। आने वाले समय की नींव है। साधनों की कमी, गरीबी या दूसरी रुकवाटें आती हैं, तो निराश न होना। महान लोगों की जीवनी पढ़ना।
सभी कठिन परिस्थितियों का सामना करके महान बने हैं। उन्होंने मो. रफी, अब्राहम लिंकन, डॉ. कलाम आदि के उदाहरण दिए। कहा कि नेताजी (मुलायम सिंह) ने भी मुश्किल हालात से निकलकर उन्हें यहां तक पहुंचाया है। कहा, अब जमाना बहुत फास्ट है पर सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। मेहनत व ईमानदारी से कुछ भी हासिल किया जा सकता है।
अयोध्या में बनेगा भजन स्थल
फैजाबाद से आई एक बच्ची के सुझाव पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में आडियो सिस्टम के साथ भजन स्थल बनाया जाएगा ताकि श्रद्धालु इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने नदियों में मूर्तियां विसर्जित करने समेत कई पाबंदियां लगा रखी हैं, लेकिन कुछ लोग इसका पालन नहीं करते हैं। इसके लिए जागरूकता की जरूरत है।
बच्चों के सामने भी राजनीति से नहीं चूके आजम
नगर विकास मंत्री आजम खां बाल संसद में भी राजनीति से नहीं चूके। उन्होंने मोदी व केंद्र की भाजपा सरकार के साथ राजभवन पर निशाना साधा। कहा कि नगरीय निकायों के मेयर और अध्यक्षों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों में पद से हटाने की व्यवस्था की थी। इससे संबंधित विधेयक को राज्यपाल ने अभी तक मंजूरी नहीं दी। इससे बेईमानों पर कार्रवाई नहीं हो पा रही है। मुल्क के बादशाह (मोदी) हल्की बात करते हैं। कुछ लोग रिश्तों में नफरत पैदा करना चाहते हैं। आंधी से सिर्फ बर्बादी मिलती है।
कुपोषण के खिलाफ चलेगा अभियान : डिम्पल
सांसद डिम्पल यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार कुपोषण दूर करने का लगातार प्रयास कर रही है। राज्य पोषण मिशन प्रारंभ किया गया है। 14 लाख कुपोषित बच्चों को चिह्नित किया गया है। अति कुपोषित बच्चों की अलग श्रेणी बनाई गई है। लड़कियों में खून की कमी बहुत आम है। उन्होंने कहा कि बच्चों ने जिस कुपोषण, प्रदूषण और शिक्षा से जुड़े सवालों पर बात की है उससे साफ है कि देश का भविष्य बेहतर होगा।
सीएम ने की ये घोषणाएं:
- अयोध्या में साउंड सिस्टम के साथ भजन स्थल का निर्माण करेंगे
- दसवीं क्लास के ऊपर के बच्चों की कॅरिअर काउंसलिंग कराएंगे
- स्कूली बच्चों को खेलने के लिए फुटबाल उपलब्ध कराएंगे