मुख्यमंत्री योगी ने 3 मई तक लॉकडाउन बढ़ाए जाने का किया स्वागत, बोले- पूरी मजबूती से लागू करेंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
COVID-19 महामारी के बढ़ते मामलों को देखते हुए देश में जारी लॉकडाउन की अवधि तीन मई तक के लिए बढ़ा दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह भारत की 130 करोड़ जनता के उत्तम स्वास्थ्य व सुरक्षित भविष्य के लिए उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। इसे हम पूरी मजबूती के साथ लागू करेंगे।
उन्होंने कहा कि पूरी सरकार, प्रशासन, हजारों स्वयंसेवी संगठन व संस्थायें 23 करोड़ जनता की सेवा में दिन-रात लगकर कोरोना को परास्त कर देगी।
मुख्यमंत्री योगी मंगलवार को लॉकडाउन बढ़ाए जाने की घोषणा के बाद लखनऊ के कालिदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास पर एक बैठक में कोविड-19 पर नियंत्रण के लिए लागू लॉकडाउन व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने लॉकडाउन बढ़ाने के मद्देनजर विभिन्न राज्यों के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हर फोन कॉल रिसीव होनी चाहिए और समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराया जाए। मुख्यमंत्री ने एक जगह मजदूरों के प्रदर्शन तथा एक अन्य जगह किराए के भुगतान में देरी पर मकान मालिक द्वारा किराएदार को घर से निकालने के मामलों का संज्ञान लेते हुए अफसरों को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। लॉकडाउन बढ़ने के बाद सरकार ने लोगों को आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी राजकीय अस्पतालों व आयुष्मान भारत योजना में सूचीबद्ध अस्पतालों का संचालन शुरू करने का फैसला किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं से कोविड-19 के संक्रमण का प्रसार न हो, इसके लिए सतर्कता बरतें। ऐसे अस्पतालों को पीपीई किट, एन-95 मास्क उपलब्ध कराएं। इमरजेंसी में अस्पतालों में आने वाले किडनी, लिवर, हार्ट जैसी गंभीर बीमारियों के कुछ रोगियों में बाद में कोविड-19 के संक्रमण का पता चलता है। इसे देखते हुए संक्रमण से बचाव व उपचार के संबंध में स्वास्थ्य तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग जिला स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए।
फैसला केंद्र सरकार का नहीं बल्कि राज्य सरकारों का है
सरकारी सूत्रों की मानें तो तीन मई तक लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला केंद्र सरकार का नहीं बल्कि राज्य सरकारों का है। राज्यों ने सुझाव दिया था कि लॉकडाउन को तीन मई तक के लिए बढ़ाया जाना चाहिए। केंद्र सरकार केवल 30 अप्रैल तक लॉकडाउन को बढ़ाना चाहती थी लेकिन एक मई को मजदूर दिवस की छुट्टी है उसके बाद दो मई को शनिवार और तीन को रविवार है। ऐसे में राज्यों ने तीन दिन और लॉकडाउन बढ़ाने का प्रस्ताव दिया।
इसके पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के कालिदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास पर संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर उन्हें नमन किया और कहा कि सामाजिक असमानता को दूर करने, वंचित वर्गों को सामाजिक न्याय दिलाने व भारतीय संविधान के निर्माण में योगदान के लिए देशवासी हमेशा ही बाबा साहेब के कृतज्ञ रहेंगे।