मुसीबत बना एक साल से होटल में ठहरा अमेरिकी नागरिक, हरकतों से परेशान होकर दर्ज कराई एफआईआर
विभूतिखंड स्थित हयात रीजेंसी होटल में एक साल से ठहरा अमेरिकी नागरिक अर्जुन कालानी सबके लिए मुसीबत बन गया है। होटल प्रबंधन का कहना है कि उसे विशेष दर पर कमरा दिया गया था, लेकिन अब वह बिल के बकाया 13.71 लाख रुपये नहीं चुका रहा है। भुगतान के लिए कहने पर वह स्टाफ से दुर्व्यवहार करता है और जानमाल की धमकी देता है।
प्रबंधन की तरफ से कई बार विभूतिखंड पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन अर्जुन कालानी के अमेरिकी नागरिक होने के नाते पुलिस भी सख्ती से बचती रही। अंतत: अर्जुन कालानी से परेशान होकर होटल के सिक्योरिटी मैनेजर आशीष कुमार श्रीवास्तव ने मंगलवार को उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी। इंस्पेक्टर राजीव द्विवेदी का कहना है कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
आशीष ने बताया कि अर्जुन कालानी दिसंबर 2018 को होटल आया था। उसे कई महीने के लिए लखनऊ में रहना था इसलिए विशेष दर पर कमरा दे दिया गया। एक साल के दौरान उनके होटल में ठहरने व अन्य खर्चों का बिल 24.47 लाख रुपये हुआ। इसमें से 10.75 लाख रुपये उसने दे दिए। शेष रकम मांगने पर वह समय की मांग करके टरका देता है।
भुगतान का दबाव डालने पर करता है दुर्व्यवहार
आशीष का आरोप है कि भुगतान का दबाव डालने पर वह होटल के कर्मचारियों से दुर्व्यवहार करता है और मारपीट पर उतारू हो जाता है। 24 नवंबर को होटल प्रबंधन ने विभूतिखंड थाना में शिकायत की थी।
पुलिस ने अमेरिकी नागरिक से संपर्क किया तो उसने बिल बकाया होने और 27 नवंबर तक भुगतान करने का लिखित आश्वासन दिया। हालांकि, निर्धारित तिथि के बाद भी उसने रुपया नहीं दिया। होटल प्रबंधन ने बिल के बारे में पूछा तो उनसे दुर्व्यवहार करते हुए कानूनी कार्रवाई की धमकी दी।
आशीष का कहना है कि अमेरिकी नागरिक ने पुलिस से की गई शिकायत को वापस लेने का दबाव भी बनाया। बकौल आशीष, अमेरिकी नागरिक के उत्पीड़न और व्यवहार से होटल का स्टाफ त्रस्त हो गया है। होटल में दहशत का माहौल है। वह न ही बिल का भुगतान कर रहा है न कमरा छोड़ रहा है।
10 महीने पहले खत्म हो गया वीजा, खामोश बैठे पुलिस-प्रशासन के अधिकारी
हयात रीजेंसी होटल के सिक्योरिटी मैनेजर आशीष कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि अर्जुन कालानी जिस वीजा पर भारत आया था वह सात दिसंबर 2018 से चार फरवरी 2019 तक ही वैध था। चार फरवरी को वीजा की अवधि खत्म हो गई।
पुलिस की जांच में भी इसकी पुष्टि हो गई है। इसके बाद भी अर्जुन कालानी अमेरिका नहीं लौट रहा न ही पुलिस-प्रशासन के अधिकारी उसके खिलाफ कोई कार्रवाई कर रहे। हयात रीजेंसी होटल के सिक्योरिटी मैनेजर आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अर्जुन कालानी बाराबंकी में चल रहे एक मुकदमे के सिलसिले में भारत आया है।