गोमतीनगर में बनेगा पूर्वांचल का अलग बस अड्डा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
परिवहन निगम ने राजधानी से पूर्वांचल की ओर जाने वाली बसों को गोमतीनगर से चलाने का फैसला लिया है। इसके लिए विभूतिखंड स्थित निगम के वर्कशॉप पर बस अड्डा बनाया जाएगा, जो वडोदरा (गुजरात) के बस अड्डे जैसा होगा। यहां खूबसूरत छह मंजिला भवन में नीचे अत्याधुनिक सुविधाओं युक्त बस अड्डा और ऊपर शॉपिंग मॉल बनाया जाएगा।
परिवहन निगम ने बस अड्डे के निर्माण के लिए टेंडर निकाला है। गोमतीनगर में बस अड्डा बन जाने पर गोमतीनगर, इंदिरानगर, विकासनगर, चिनहट, सीतापुर रोड, जानकीपुरम, निशातगंज आदि इलाकों के लोगोें को पूर्वांचल जाने के लिए आलमबाग या कैसरबाग बस अड्डे नहीं जाना पड़ेगा।
पूर्वांचल एवं पश्चिमांचल की बसों का अलग-अलग संचालन करने के लिए परिवहन निगम ने आलमबाग और गोमतीनगर बस अड्डों को थ्री-पी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर विकसित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। आलमबाग बस अड्डे को विकसित करने का काम मेसर्स शालीमार कॉर्पोरेशन को मिल चुका है।
इस बस अड्डे के विकसित हो जाने के बाद यहां से पश्चिमांचल की बसों का संचालन होगा, जबकि विभूतिखंड बस अड्डे से पूर्वांचल की बसें चलेंगी। सूत्र बताते हैं कि गोमतीनगर अड्डे के निर्माण की जिम्मेदारी भी शालीमार कॉर्पोरेशन को मिलने की उम्मीद है।
18 माह में तैयार होगा आलमबाग बस अड्डा
मेसर्स शालीमार कॉर्पोरेशन को 18 महीने के भीतर आलमबाग बस अड्डा बनाकर परिवहन निगम को सौंपना होगा। वहीं शॉपिंग मॉल का निर्माण कार्य 60 महीने में पूरा करना पड़ेगा। उम्मीद है कि कंपनी जनवरी से निर्माण कार्य शुरू कर देगी।
ये सुविधाएं मिलेंगी
- फूड कोर्ट्स, आवश्यक वस्तुओं के शोरूम
- खूबसूरत वेटिंग हॉल में आरामदेह कुर्सियां
- स्वागत कक्ष और पूछताछ केंद्र पर सूचना
- वाई-फाई, सीसीटीवी कैमरे की नजर
- बच्चों के लिए किड्स जोन
- ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों की पेंटिंग
सरकार की हरी झंडी
इस पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक मुकेश कुमार मेश्राम का कहना है कि गोमतीनगर स्थित रोडवेज वर्कशॉप पर वडोदरा की तर्ज पर खूबसूरत और अत्याधुनिक बस अड्डा और ऊपर शॉपिंग मॉल बनाने को सरकार ने हरी झंडी दे दी है। सरकार के अनुमोदन के बाद बस अड्डा बनाने वाली निर्माण कंपनी की खोजबीन के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए हैं।