Build 2026 Lucknow: सीएम योगी के चेहरे पर चुनाव के सवाल पर केशव मौर्य बोले- विधायक चुनेंगे मुख्यमंत्री
लखनऊ में बिल्ड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉन्क्लेव के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री का चयन विधायक करेंगे, हालांकि भाजपा योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी। उन्होंने एक्सप्रेसवे, बिजली, पेयजल और आवास योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने पर काम कर रही है।
विस्तार
अमर उजाला के राजनीतिक संपादक राजकिशोर के साथ बातचीत में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर काम किया गया है। उन्होंने कहा कि देश के सभी राज्यों में सबसे अधिक एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश में हैं। प्रदेश केवल आबादी के मामले में ही सबसे बड़ा नहीं है, बल्कि एक्सप्रेसवे निर्माण में भी अग्रणी है। सरकार का प्रयास है कि बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ गांवों और दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंचे।
सीएम योगी के सीएम चेहरे पर चुनाव के सवाल पर बोले केशव मौर्य ने कहा कि विधायक चुनेंगे मुख्यमंत्री। हम योगी नेतृत्व में चुनाव में जरूर उतरेंगे। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे सहित अन्य मार्गों के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने का काम किया गया है। सड़क कनेक्टिविटी के साथ रेल और हवाई संपर्क को भी बेहतर बनाया गया है। सरकार आगे भी इन सुविधाओं का विस्तार करने की दिशा में काम कर रही है।
प्रदेश में हर घर तक बिजली पहुंचाई जा चुकी है
केशव मौर्य ने कहा कि प्रदेश में हर घर तक बिजली पहुंचाई जा चुकी है, जबकि घरों तक पाइपलाइन से पीने का पानी उपलब्ध कराने का काम अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि शहरों की तरह गांवों में भी लोगों को पाइपलाइन से पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य है, ताकि ग्रामीणों को हैंडपंप और कुओं पर निर्भर न रहना पड़े।
उन्होंने बताया कि जिन परिवारों के पास रहने के लिए पक्का घर नहीं था, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराए गए हैं। उनके अनुसार, प्रदेश में अब तक करीब 65 लाख आवास दिए जा चुके हैं। आगे भी पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के लिए सर्वे की प्रक्रिया पूरी की गई है।