‘सपा और भाजपा मिलकर कराते हैं दंगे!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधानसभा में गुरुवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा शुरू हुई। सत्तापक्ष से संग्राम सिंह यादव ने अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव रखते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, वहीं नेता प्रतिपक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने संशोधन प्रस्ताव पेश करते हुए सरकार पर वादों से मुकरने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि सपा और भाजपा मिलकर दंगा कराती हैं। उन्होंने दोनों पार्टियों से भाईचारा कायम करने के लिए जाति-धर्म और दलीय भावना से ऊपर उठने को कहा।
मौर्य ने कहा सरकार विकास के दावे कर रही है, जबकि धरातल पर विकास ठप हैं। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे के अलावा इसमें कुछ भी नहीं है। इस योजना पर भी तीन साल बाद काम शुरू हुआ है, पूरा कब होगा, पता नहीं।
समाजवादी पेंशन योजना में कुछ नया नहीं है सिर्फ नाम बदल दिया गया है। बेरोजगारी भत्ता, लैपटॉप वितरण, मुफ्त बिजली और सिंचाई, गन्ना मूल्य वृद्धि, समय से बकाया भुगतान जैसे वादे भुला दिए गए।
अदालतें सुरक्षित, न राजभवन महफूज
मौर्य ने कहा कि कानून-व्यवस्था ध्वस्त है। अदालत में हत्या हो रही है। राजभवन में बम पहुंच जाते हैं। इटावा में दरोगा से लूट हो गई। सहारनपुर में ज्वैलरी शो रूप में 10 करोड़ की डकैती हुई।
महिलाओं की सुरक्षा का दावा करते हुए कहा जा रहा है कि ढाई लाख पीड़िताओं को वीमेन हेल्पलाइन सेवा 1090 से लाभ मिला। उन्होंने पूछा कि महिलाओं की इतनी बड़ी तादाद में शिकायतें आखिर आ क्यों रही हैं?
जहरीली शराब से मौतों के लिए सरकार जिम्मेदार
नेता प्रतिपक्ष ने लखनऊ में जहरीली शराब से 50 से अधिक लोगों की मौत का जिक्र करते हुए कहा कि अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने में सरकार नाकाम रही है। प्रतापगढ़ में एसपी ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया तो उन्हें हटा दिया गया।
मुसलमानों को आरक्षण भूली सरकार
मौर्य ने कहा कि मुसलमानों को 18 फीसदी आरक्षण देने का वादा सरकार भूल गई है। अभिभाषण में मदरसों को अनुदान पर लेने का जिक्र नहीं है।
कानून-व्यवस्था पर खुद गंभीर नहीं मुख्यमंत्री
भाजपा विधानमंडल दल के नेता सुरेश खन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आज तक ऐसा कोई संदेश नहीं दिया जिससे कानून-व्यवस्था के प्रति उनकी गंभीरता दिखे। खन्ना ने कहा कि सरकार खाद्य सुरक्षा कानून लागू नहीं कर रही।
पहले 2016 तक बिजली में आत्मनिर्भर बनने की बात थी, जबकि अभिभाषण में 2019-20 में 24 घंटे बिजली देने की बात कही जा रही है।
घूसखोर अफसर का नाम बताएं, सख्त सजा दें
खन्ना ने कहा कि आईएएस वीक में सीएम ने अधिकारी के घूस लेते वीडियो की बात कही। पिछले साल भी उन्होंने ऐसी घटना बताई थी।
मुख्यमंत्री को अफसर का नाम बताना चाहिए और उसे सख्त सजा देनी चाहिए। उन्होंने कहा, यह समझ से परे कि सरकार यादव सिंह पर इतनी मेहबान क्यों है।
दस हजार करोड़ रुपये का नकल का कारोबार
खन्ना ने बोर्ड परीक्षा में नकल का मुद्दा उठाते हुए कहा कि शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव रहे एक अफसर ने नकल का दस हजार करोड़ रुपये का कारोबार बताया है। सरकार को इस पर स्थिति साफ करनी चाहिए।
सपा सदस्य बोले, हर तबके का ख्याल
सपा के डॉ. संग्राम सिंह यादव ने कहा कि सरकार ने ऐतिहासिक काम किए हैं। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे, समाजवादी पेंशन, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग का गठन, कौशल विकास मिशन के जरिये ट्रेनिंग के जरिए सरकार ने हर तबके का कल्याण किया है। लखनऊ में कैसर इंस्टीट्यूट बन रहा है। गरीबों का मुफ्त इलाज किया जा रहा है।