बहन की इज्जत बचाने के लिए भाई ने दे दी जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बहन की आबरू बचा रहे भाई की तीन युवकों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। हमलावरों की पिटाई से घायल युवक को गंभीर हालत में सीएचसी पर भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिवारीजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के रमई निषाद की बेटी रविवार की रात करीब आठ बजे खेत गई थी। तभी उड़री पहाड़पुर गांव के रहने वाले जगधारी, साधू और राजेश ने रमई की बेटी को दबोच लिया।
बेटी की चीख-पुकार पर उसका भाई सुनील निषाद मौके पर पहुंच गया। सुनील अपनी बहन की आबरू बचाते हुए शोहदों से भिड़ गया। इससे नाराज तीनों युवकों ने सुनील को खेत में ही पटक दिया और लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया।
भाई को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला
खेत से भागकर रमई की बेटी घर पहुंची और आपबीती सुनाई। ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर जब तक मौके पर पहुंचते हमलावर सुनील को छोड़कर भाग गए। शोहदों की पिटाई से गंभीर रूप से घायल सुनील को परिवारीजन लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिवारीजन सुनील को रात में लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बाबत इंस्पेक्टर रामजी चौहान ने बताया कि मृतक के भाई गोविंद निषाद की तहरीर पर जगधारी, साधू और राजेश के खिलाफ गैर इरादतन हत्या व छेड़छाड़ समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।