प्रॉपर्टी डीलर पर बम फेंककर दी धमकी, ये तो सिर्फ ट्रेलर है
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अयोध्या कोतवाली क्षेत्र निवासी एक प्रापर्टी डीलर के शंकरगढ़ स्थित कार्यालय पर गुरुवार की सुबह बमबाजी की गई। वारदात बाइक सवार दो युवकों ने अंजाम दिया और मौके से फरार हो गये।
धमाके के बाद क्षेत्र में हलचल मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दस्तों को बुलवा मौके की बारीकी से जांच कराई है। दूसरी पहर प्रापर्टी डीलर के मोबाइल पर फोनकर टेलर दिखाने की बात कही गई और 50 लाख की डिमांड की गई।
ऐसा न होने पर अंजाम आगे दिखने की धमकी दी गई। डीलर ने जिला पंचायत चुनाव में अपनी पत्नी को भाजपा समर्थित प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ाया था। चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के पूर्व भी प्रापर्टी डीलर को मोबाइल से फोनकर धमकी दी गई थी और गत वर्ष इसी स्थान पर बाइक सवार युवकों ने फायरिंग की थी।
जिसमें दर्शननगर क्षेत्र निवासी एक युवक घायल हुआ था। पुलिस को दी गई शिकायत में अपनी मां को जिला पंचायत का चुनाव लड़ाने वाले सपा से जुड़े एक प्रापर्टी डीलर को आरोपित किया गया है।
बाल-बाल बचा बच्चा
क्षेत्र के भीखी का पुरवा रानोपाली निवासी फतेह बहादुर वर्मा पुत्र स्व. राम बहोरे वर्मा जमीनों की खरीद-फरोख्त का धंधा करते हैं। उन्होंने अकबरपुर रोड पर अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के शंकरगढ़ बाजार में सड़क किनारे कार्यालय बना रखा है।
गुरुवार को वह सहयोगियों के साथ कार्यालय में बैठे थे। इसी दौरान सुबह 10 बजकर 23 मिनट पर देवकाली चौराहे की ओर से बाइक सवार दो युवक आये और प्रापर्टी डीलर के कार्यालय पर बम फेंका तथा दर्शननगर की ओर भाग निकले।
मौके पर साइकिल चला रहा एक किशोर बाल-बाल बच गया। मामले की जानकारी पुलिस को मिली तो अयोध्या कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और तहकीकात के लिए डाग स्क्वायड तथा विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को मौके पर बुला लिया।
दस्तों के साथ पुलिस ने पड़ताल की और नमूने जांच के लिए एकत्र किये। दूसरी पहर प्रापर्टी डीलर के मोबाइल पर फोनकर ट्रेलर दिखाने की बात कही गई और आगे अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहने की धमकी दी गई। धमकी के बाद पुलिस फिर से जांच के लिए पहुंच गई है। रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर फतेह बहादुर ने पुलिस को दी है।