फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   blast in ambulance

धमाके में एंबुलेंस के परखचे उड़े, सात घायल

Tue, 13 Apr 2021 01:49 AM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Tue, 13 Apr 2021 01:49 AM IST
विज्ञापन
blast in ambulance
लखनऊ। चौक में कालीचरण पीजी कॉलेज के बाहर सोमवार को एंबुलेंस की मरम्मत के दौरान वेल्डिंग से उसके सीएनजी सिलेंडर में आग लग गई। चौक फायर स्टेशन से दमकल लेकर पहुंचे अग्निशमन कर्मचारी, आग बुझा ही रहे थे कि तभी तेज धमाके के साथ सीएनजी किट और ऑक्सीजन के सिलेंडर फट गए। दोनों सिलेंडर व एंबुलेंस के टुकड़े छिटकने से चपेट में आकर तीन अग्निशमन कर्मचारी, वेल्डिंग कर रहा मिस्त्री, एक पत्रकार व दो राहगीर घायल हो गए। इनमें से छह लोगों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन

चौक में कालीचरण पीजी कॉलेज के बाहर मार्केट में इनायत मिस्त्री की वेल्डिंग की दुकान है। सोमवार सुबह सुशील नामक व्यक्ति एंबुलेंस (वैन) की मरम्मत के लिए इनायत की दुकान पर पहुंचा था। इनायत व उसका नाती एंबुलेंस के पिछले हिस्से में नीचे की ओर वेल्डिंग कर रहे थे। तभी एंबुलेंस की सीएनजी किट के सिलेंडर में आग लग गई। इस पर इनायत व उसका नाती पानी डालकर आग बुझाने लगे मगर लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। आसपास के लोगों ने कुछ दूरी पर स्थित चौक फायर स्टेशन पर सूचना दी।
विज्ञापन

इस पर एफएसओ रामकिशोर यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर आग बुझवाने लगे। मगर दमकल कर्मचारियों ने जैसी ही एंबुलेंस पर पानी की बौछार शुरू की, उसकी सीएनजी किट सिलेंडर व उसी में रखा ऑक्सीजन का एक सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। इससे लीडिंग फायरमैन राजेश पांडेय, फायरमैन ज्ञान प्रकाश सिंह व दुर्गा प्रसाद और आग की मोबाइल से फोटो खींच रहे पत्रकार अखिल सक्सेना निवासी चौपटिया, वेल्डिंग मिस्त्री इनायत का नाती, पास का ही बाइक मिस्त्री मनीष कश्यप व राहगीर अमित सिलेंडर के टुकड़े छिटककर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके से सड़क पर अफरातफरी मच गई। आनन-फानन चौक व ठाकुरगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। इनायत मिस्त्री अपने नाती को किसी निजी अस्पताल लेकर चला गया। सूचना पर एडीसीपी पश्चिम राजेश श्रीवास्तव व अन्य अधिकारियों ने मौके पहुंचकर मामले की जानकारी ली। इसके बाद ट्रॉमा सेेंटर जाकर घायलों का हाल जाना।
विज्ञापन
विज्ञापन

चौक फायर स्टेशन के एफएसओ रामकिशोर यादव ने बताया कि तीनों अग्निशमन कर्मचारी धमाके में सिलेंडर के टुकड़े छिटककर लगने से घायल हुए हैं। तीनों की हालत खतरे से बाहर है। वहीं, अखिल सक्सेना के पैर में सिलेंडर का बड़ा टुकड़ा धंसने से गंभीर चोट आई है। राहगीर अमित व मनीष को भी मामूली चोटें आईं हैं।
वेल्डिंग मिस्त्री के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
एडीसीपी पश्चिम राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में घायल पत्रकार अखिल सक्सेना के भाई अमित सक्सेना की तहरीर पर ठाकुरगंज थाने में इनायत मिस्त्री के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इनायत को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एडीसीपी ने बताया कि घटनास्थल पर एंबुलेंस की नंबर प्लेट पड़ी मिली है। इससे पता किया जा रहा है कि एंबुलेंस किस नर्सिंग होम की है। वहीं, आरटीओ ऑफिस को पत्र लिखकर एंबुलेंस का टेक्निकल मुआयना कराया जाएगा। बिना स्वीकृति के सीएनजी किट लगी होने पर संबंधित नर्सिंग होम व चालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
थर्रा गया पूरा इलाका
एंबुलेंस के सिलेंडर में धमाका इतना भीषण था कि पूरा इलाका थर्रा गया। इससे पास के ही एक क्लीनिक में स्टूल पर बैठी एक महिला व एक बुजुर्ग गिर पड़े। इनायत की दुकान के पास ही नमकीन की दुकान चलाने वाली निर्मला ने बताया कि तेज धमाके से वह भी गिर पड़ी थीं और उनकी दुकान का शीशा टूट गया। वहीं, इनायत की दुकान के पास ही अपना डाला वाहन लेकर खड़े हुसैनाबाद निवासी मो. नासिर के वाहन का शीशा भी धमाके की आवाज से चटक गया।
दूर तक गिरे सिलेंडर के टुकड़े
धमाका इतना भीषण था कि सीएनजी किट और ऑक्सीजन सिलेंडर के टुकड़े और एंबुलेंस के तमाम पार्ट्स छिटककर करीब 50 मीटर दूर तक जाकर गिरे। इससे उधर से गुजर रहे एक चौपहिया वाहन का भी अगला शीशा चटक गया। उधर से गुजर रहे संजय राही निवासी शाहगंज, नक्खास के हाथ में भी मामूली चोट आई है। वहीं, धमाके से घटनास्थल पर इस कदर अफरातफरी मच गई कि तमाम लोगों की चप्पलें तक सड़क पर छूट गईं। मार्केट में एंबुलेंस के आसपास व सड़क पर कई जगह खून फैला पड़ा था।
इसी दुकान पर चार बार पहले भी लग चुकी आग
आसपास के लोगों ने बताया कि इनायत मिस्त्री की दुकान पर इससे पहले भी चार बार आग लग चुकी है। जिसकी पुलिस से शिकायती की जा चुकी है मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते फिर इतना बड़ा हादसा हो गया। गनीमत रही कि इसमें किसी की जान नहीं गई।

घंटों लगी रही भीड़
एंबुलेंस में धमाके की जानकारी लेने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। दोपहर तक जो भी उधर से गुजरता भीड़ व पुलिसकर्मियों को देख माजरा जानने को रुक जाता। पुलिसकर्मी लगातार लोगों को समझाकर भीड़ न लगाने व सोशल डिस्टेंसिंग के पालन की अपील करते दिखे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed