10वीं व 12वीं के मेधावियों को सम्मानित करेगी भाजपा, भावी पीढ़ी से रिश्तों की डोर मजबूत करने पर नजर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि बूथों की मजबूती के लिए काम कर रहे पार्टी कार्यकर्ता अब सेवाकार्यों के साथ मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान कर उनसे रिश्तों की डोर मजबूत करें। स्वतंत्र देव कानपुर के गोविंदनगर क्षेत्र के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
स्वतंत्र देव ने कहा कि परीक्षाओं के रिजल्ट आ चुके हैं। तमाम विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय अंकों से परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रदेश के साथ ही अपने गांव और परिवार का मान बढ़ाया है। भाजपा अब इनका सम्मान करके इन्हें प्रोत्साहित करेगी।
सांसद, विधायक एवं प्रदेश पदाधिकारी प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं के घर जाकर इनका सम्मान करेंगे तो भावी पीढ़ी के दिल व दिमाग में भी भाजपा के दूसरे दलों से अलग होने की धारणा मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि बूथ समितियों की मजबूती ही संगठन का मूल आधार है। कोरोना के मद्देनजर शारीरिक दूरी रखते हुए बूथों का सत्यापन करें ताकि चुनावी लिहाज से भी पार्टी की जमीन मजबूत रहे।
कहां किसने किया सम्मेलन को संबोधित
भाजपा ने बुधवार को 45 विधानसभा क्षेत्रों में वर्चुअल सम्मेलन किए। प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना ने लखनऊ मध्य, आशुतोष टंडन ने झांसी के बबीना, श्रीकांत शर्मा ने बदायूं के दातागंज, सुरेश राणा ने जालौन के उरई, भूपेंद्र सिंह चौधरी ने फिरोजाबाद के शिकोहाबाद, सतीश महाना ने मुरादाबाद महानगर, स्वामी प्रसाद मौर्य ने पीलीभीत के पूरनपुर, अनिल राजभर ने उन्नाव के पुरवा, रामनरेश अग्निहोत्री ने गोंडा के मनकापुर, चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने कौशांबी के सिराथू सहित अन्य कई मंत्रियों ने भी अलग-अलग सम्मेलनों को संबोधित किया।
16 जुलाई को 47 विधानसभा क्षेत्रों में सम्मेलन होंगे। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह लखीमपुरखीरी के कस्ता, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना और उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा कानपुर के बिठूर में होने वाले सम्मेलनों को संबोधित करेंगे।