'मोदी के नाम पर ही लड़ा जाएगा यूपी विधानसभा चुनाव'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के प्रदेश प्रभारी और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम माथुर की क्लास में तीसरे दिन शामिल लोगों को सामाजिक सरोकारों के सहारे पार्टी का जनाधार बढ़ाने का मंत्र दिया गया, साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया कि यूपी विधानसभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर ही लड़ा लाएगा।
माथुर ने प्रधानमंत्री मोदी के कामों का मतलब समझाया। नसीहत दी कि सरकार के कामों और योजनाओं को हल्के में न लें। इन योजनाओं के सहारे पार्टी को एक-एक व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है। साथ ही उसे सरकार के काम और योजनाओं का लाभ दिलाकर हमेशा के लिए पार्टी से जोड़ा जा सकता है।
युवा मोर्चा की बैठक में माथुर ने कहा कि किसी भी संगठन को खड़ा करने के लिए मुख्य रूप से चार बातें लोकसंपर्क, लोक संग्रह, लोक संस्कार और लोक नियोजन महत्वपूर्ण हैं। केंद्र सरकार की योजनाएं इन्हीं बातों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। कार्यकर्ता इन योजनाओं को लेकर आगे बढ़े तो यह चार बातें स्वत: पूरी हो जाएंगी।
मोदी सरकार के काम ही भाजपा का प्रमुख हथियार
माथुर ने बैठकों में यह भी साफ कर दिया कि मुख्यमंत्री के नाम को लेकर किसी को उलझने की जरूरत नहीं है। सूबे का चुनाव संगठन लड़ेगा।
मोदी सरकार के काम ही भाजपा का प्रमुख हथियार होंगे। कुछ लोगों ने सांसदों और विधायकों की तरफ से सुनवाई न होने की बात कही तो माथुर ने आश्वस्त किया कि सभी की जिम्मेदारी तय होगी।
उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, नमामि गंगे, स्वच्छता अभियान, प्रधानमंत्री जनधन योजना, अटल पेंशन योजना जैसे कामों में जुटकर भी लोगों को आसानी से जुड़ा जा सकता है।
उधर, भाजपा के बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ अभियान के संयोजकों की बैठक में भी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने इसी तरह की बातें कहीं।