छात्रों ने की राहुल की गुगली तो भाजपा ने ली चुटकी!
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि मोदी सरकार के कामकाज को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर तो बंगलूरू की छात्राओं ने जवाब दे दिया। उन्होंने कहा, राहुल गांधी को गंभीरता की राजनीति करनी चाहिए।
हुसैन ने चुटकी भी ली, ‘वे जींस पहनकर युवा नेता के रूप में बंगलूरू में जिस शैली में बात कर रहे थे, उससे उन्हें मैं भी कुछ देर पहचान नहीं पाया। बाद में पहचाना तो मुझे अच्छा लगा। राहुल को देख लगा कि मैं भी अभी जवान हूं क्योंकि मैं राहुल से सिर्फ डेढ़ साल ही तो बड़ा हूं।’ शाहनवाज बृहस्पतिवार को यहां पार्टी मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
वहीं, फिल्म अभिनेता आमिर खान के असहिष्णुता पर दिए गए बयान में उन्होंने कहा कि जब फिल्म आने वाली होती है तो आमिर चर्चा में आ जाते हैं। आमिर खान डर नहीं रहे, बल्कि डरा रहे हैं।
शाहनवाज ने कहा कि आमिर अपने गांव अख्तियारपुर (हरदोई) आते होते तो वे ऐसा नहीं कहते। उन्हें पता रहता कि उनके गांव में ही हिंदू व मुसलमान कितने प्रेम से रहते हैं। किसी को इस देश से डर नहीं लग रहा। अच्छा होगा कि आमिर अपने गांव के लोगों से ही पूछ लें। सच्चाई पता चल जाएगी। बहरहाल यह अच्छी खबर है कि उन्होंने देश छोड़ने से इन्कार किया है।
सिर्फ संविधान के बताए रास्ते पर चलेगी भाजपा सरकार
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को अद्भुत संविधान दिया है। इसमें देश में रहने वालों को बराबरी के अधिकार दिए गए हैं। मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की घोषणा के जरिये संदेश दिया है कि उनकी सरकार सिर्फ संविधान के बताए रास्ते पर चलेगी।
पर, कुछ लोग साजिशन ऐसा माहौल बनाने में लगे हैं कि भारत में मुसलमान असुरक्षित हैं। चंद लोगों को छोड़कर ज्यादातर मुसलमान न सिर्फ सुरक्षित हैं बल्कि पूरी स्वतंत्रता से अपना कामकाज कर रहे हैं। यह भी कहना गलत है कि देश में हर मुसलमान को आतंकी के रूप में देखा जाता है। सभी अरब देशों को मिलाकर जितने मुसलमान नहीं रहते, उससे ज्यादा मुसलमान हिंदुस्तान में परस्पर प्रेम से रह रहे हैं और तरक्की कर रहे हैं।
सुरक्षा परिषद की सदस्यता की राह में अड़ंगे की साजिश : भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भारत को सुरक्षा परिषद की सदस्यता के लिए दुनिया भर में माहौल बन रहा है, पर असहिष्णुता के नाम पर साजिशन देश को बदनाम करके बाधा खड़ी की जा रही है।
कांग्रेस भाजपा का विरोध करते-करते सरकार के विरोध और फिर सरकार का विरोध करते-करते देश को बदनाम करने के स्तर पर पहुंच गई। यह ठीक नहीं है। वह नरसिंह राव, राजीव गांधी और इंदिरा गांधी की सरकारों में हुई असहिष्णुता को भुला देना चाहती है।
भारत से अच्छा मुल्क और हिंदू से अच्छा पड़ोसी नहीं
हुसैन ने कहा कि वे शुक्रगुजार हैं कि इधर अवार्ड वापसी नहीं हो रही है। असहिष्णुता के नाम पर शोर मचाने वालों से आग्रह है कि कम से कम सच का तो ख्याल रखें। मुसलमानों के लिए भारत से अच्छा मुल्क और हिंदू से अच्छा पड़ोसी हो ही नहीं सकता।
इस सवाल पर कि महंत आदित्यनाथ जिस तरह मुसलमानों के लिए बोलते हैं उस बारे में भाजपा क्या कहेगी, हुसैन ने कहा कि आदित्यनाथ कई बार से सांसद हैं। उनके समर्थकों में तमाम मुसलमान भी हैं। उन्हें उन सभी मुसलमानों से मोहब्बत है जिन मुसलमानों को देश से मोहब्बत है।
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि असहिष्णुता के नाम पर मुट्ठीभर लोग भारत को दुनिया भर में बदनाम कर रहे हैं। ये लोग देश को बदनाम करके सुरक्षा परिषद की सदस्यता की राह में अड़ंगा डालने की साजिश रच रहे हैं। हुसैन ने कांग्रेस का नाम लिए बगैर इस साजिश के लिए उसे ही जिम्मेदार ठहराया।